@ पटना बिहार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की समग्र समृद्धि को गति प्रदान करने एवं राज्य को विकसित राज्यों की अग्रणी श्रेणी में स्थापित करने के लक्ष्य के साथ शुरू हुई ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण के अंतर्गत अररिया एवं किशनगंज जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया तथा उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अररिया में 157 करोड़ रु॰ की लागत की 60 योजनाओं का उद्घाटन तथा 331 करोड़ रु॰ की लागत की 06 योजनाओं का शिलान्यास एवं 58 करोड़ रु॰ की लागत की 02 योजनाओं का कार्यारम्भ किया। यात्रा के क्रम में अररिया में नया पुलिस केन्द्र के प्रशासनिक भवन का अवलोकन किया।
वहीं किशनगंज में 133 करोड़ रु॰ की लागत की 73 योजनाओं का शिलान्यास तथा 102 करोड़ रु॰ की लागत की 49 योजनाओं का उद्घाटन किया। जिले में भ्रमण के दौरान किशनगंज के ठाकुरगंज प्रखंड के चूरली में बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा नवनिर्मित 220/132/33/ केवी ग्रिड उपेंद्र का निरीक्षण किया।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने अररिया एवं किशनगंज में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों तथा योजनाओं की अधिकारियों के साथ समीक्षा की और निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। विकास योजनाओं का लाभ लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे। साथ ही लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला प्रशासन संवेदनशील एवं सक्रिय रहे।
इसके अतिरिक्त दोनों जिलों में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित भी किया।

