राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के कर्मचारी 28 नवंबर को प्रस्तुत करेंगे मोलियर का प्रसिद्ध नाटक ‘तारतूफ़’

@ नई दिल्ली :-

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के राजभाषा विभाग की ओर से विश्व साहित्य के महान हास्य नाटककार मोलियर (Molière) के प्रसिद्ध नाटक ‘तारतूफ़’ का मंचन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इस नाट्य प्रस्तुति की खास बात यह है कि इसमें राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के कर्मचारी कलाकार के रूप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

नाटक का मंचन शनिवार को प्रातः 11:30 बजे राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के अभिमंच सभागार में आयोजित होगा। इस प्रस्तुति का संगीत, परिकल्पना एवं निर्देशन श्री अनूप त्रिवेदी ने किया है। विद्यालय के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विश्व साहित्य की महत्वपूर्ण नाट्य कृतियों को दर्शकों तक पहुंचाने के साथ-साथ रंगमंच के माध्यम से सामाजिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना है।

मोलियर की चर्चित कृति ‘तारतूफ़’ एक व्यंग्यात्मक हास्य नाटक है, जिसमें ढोंग, पाखंड और आडंबर के जरिए समाज की विभिन्न विसंगतियों पर कटाक्ष किया गया है। नाटक में ऐसे चरित्रों और परिस्थितियों को सामने लाया गया है, जो बाहरी दिखावे और झूठे आदर्शों के सहारे दूसरों को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं। हास्य और व्यंग्य के माध्यम से यह नाटक समाज में व्याप्त पाखंड को उजागर करता है और दर्शकों को गंभीर विषयों पर सोचने के लिए प्रेरित करता है।

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के कर्मचारियों द्वारा इस प्रसिद्ध नाटक की प्रस्तुति सांस्कृतिक गतिविधियों में उनकी रचनात्मक भागीदारी को भी सामने लाएगी। दर्शकों को विश्व साहित्य की एक महत्वपूर्ण नाट्य रचना को रंगमंच पर देखने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। इच्छुक दर्शक 28 नवंबर को प्रातः 11:30 बजे अभिमंच सभागार, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली पहुंचकर इस नाट्य प्रस्तुति का आनंद ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...