वन देवी मंदिर में महानवमी पर कन्या पूजन व भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

@ सिद्धार्थ पाण्डेय /चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम ) झारखंड  :-

गुवा से लगभग 4 किलोमीटर दूर पहाड़ी स्थित मां दुर्गा वन देवी मंदिर में चैत्र नवरात्र को लेकर भव्य आयोजन की तैयारी की गई है। मंदिर कमेटी की ओर से 27 मार्च, शुक्रवार को महानवमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मां दुर्गा वन देवी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष गंगा सिंधु ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दिन नौ कुंवारी कन्याओं का विधि-विधान के साथ पूजन कर उन्हें भोजन कराया जाएगा। हिंदू परंपरा में कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है, जिसे देवी स्वरूप मानकर श्रद्धा के साथ पूजा की जाती है।

उन्होंने आगे बताया कि सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए मंदिर कमेटी द्वारा जरूरतमंद लोगों के बीच साड़ी एवं गमछा का वितरण भी किया जाएगा। यह पहल समाज में सहयोग और सेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही है। महानवमी की पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद मां दुर्गा को महाभोग के रूप में खिचड़ी अर्पित की जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

मंदिर परिसर में इस अवसर पर भक्ति और आस्था का माहौल बना रहेगा। अध्यक्ष गंगा सिंधु ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कन्या पूजन कार्यक्रम में भाग लें और पुण्य के भागी बनें। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...