सुनील उपाध्याय का जीवन त्याग और देशभक्ति का अद्वितीय उदाहरण: राज्यपाल

@ शिमला हिमाचल :-

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि सुनील उपाध्याय के आदर्श और विचार आज भी युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि दृढ़ निश्चय और समर्पण के साथ किया गया कार्य समाज और देश को नई दिशा देने की क्षमता रखता है। राज्यपाल ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में सुनील उपाध्याय एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा सुनील उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी एवं युवा सम्मान समारोह में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक संगोष्ठी या पुरस्कार वितरण समारोह नहीं है, बल्कि उस महान व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर भी है, जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुनील उपाध्याय का जीवन त्याग, समर्पण, साहस और देशभक्ति का उत्कृट उदाहरण है। युवा अवस्था से ही उनमें समाज और राष्ट्र सेवा के प्रति गहरी प्रतिबद्धता थी। हिमाचल प्रदेश को अपनी कर्मभूमि बनाकर उन्होंने छात्र आंदोलन को नई दिशा और गति प्रदान की तथा अपने अथक प्रयासों से संगठन को प्रदेश में सशक्त पहचान दिलाई।
राज्यपाल ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद सुनील उपाध्याय ने लगातार यात्राएं कर समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए कार्य किया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में देश युवा शक्ति, प्रतिभा और नवाचार के बल पर तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। युवाओं को राष्ट्र निर्माण का प्रमुख आधार मानते हुए स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। साथ ही, राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने शिक्षा को अधिक व्यावहारिक, तकनीकी और रोजगारोन्मुख बनाया है।
राज्यपाल ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय संकल्प को प्राप्त करने में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह संकल्प केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि एक सशक्त, आत्मनिर्भर और मूल्य-आधारित समाज के निर्माण का लक्ष्य भी रखता है। इसके लिए युवाओं को ज्ञान और कौशल के साथ-साथ समर्पण, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना से भी सशक्त करना भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इससे पूर्व राज्यपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कई युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. नागेश ठाकुर तथा सुनील उपाध्याय शैक्षणिक ट्रस्ट के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा ने भी अपने विचार सांझा किए और सुनील उपाध्याय के योगदान को स्मरण किया।ट्रस्ट के सचिव प्रो. सुरेंद्र शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। विधायक राकेश जम्वाल, सुरेंद्र शौरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...