@ नई दिल्ली :-
राजधानी में संगठित वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने लक्ज़री कार चुराने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 10 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया, जो चोरी की गाड़ियों के चैसिस नंबर बदलकर उन्हें फर्जी दस्तावेज़ों के जरिए दोबारा रजिस्टर कर बेचते थे।

जांच में सामने आया कि गिरोह अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर वाहन की पहचान पूरी तरह बदल देता था, जिससे असली मालिक और पुलिस के लिए गाड़ियों को ट्रेस करना बेहद मुश्किल हो जाता था। आरोपियों का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था और वे दिल्ली सहित हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में सक्रिय थे।
क्राइम ब्रांच की टीम ने समन्वित कार्रवाई करते हुए विभिन्न राज्यों में छापेमारी की और सभी आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस ने इनके कब्जे से बड़ी संख्या में चोरी की गाड़ियां बरामद की हैं, जिनमें 11 टोयोटा फॉर्च्यूनर, 6 किया सेल्टोस, 6 हुंडई क्रेटा, 3 टोयोटा इनोवा, 2 महिंद्रा स्कॉर्पियो, 1 हुंडई वेन्यू, 1 महिंद्रा थार और 1 मारुति स्विफ्ट डिजायर शामिल हैं। इसके अलावा चैसिस नंबर बदलने में इस्तेमाल होने वाले विशेष उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरोह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त था और लाखों-करोड़ों रुपये का फायदा कमा चुका था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
