@ नई दिल्ली :-
दिल्ली-एनसीआर की प्रमुख सामाजिक संस्था गढ़वाल हितैषिणी सभा में रविवार से नवीन सदस्यता अभियान की शुरुआत हुई। पंचकुइयां रोड स्थित गढ़वाल भवन में आयोजित अभियान के शुभारंभ पर सभा के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत ने पहला सदस्यता फॉर्म प्रदान किया, जबकि पत्रकार हरीश रावत ने पहला फॉर्म प्राप्त किया।

इस बार सदस्यता अभियान में प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। आवेदकों के लिए आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई गई है और सदस्यता फॉर्म प्राप्त करने तथा जमा करने की समयसीमा भी निर्धारित की गई है।
सभा के महासचिव पवन कुमार मैठाणी ने बताया कि सदस्यता फॉर्म 20 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक प्राप्त किए जा सकेंगे। भरे हुए फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
सदस्यता अभियान के दौरान वरिष्ठ पत्रकार प्रजा दत्त डबराल और हरीश रावत ने व्यवस्था को लेकर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि इस बार फॉर्म प्राप्त करने की प्रक्रिया सहज रही। उन्होंने वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा की गई व्यवस्थाओं और सदस्यता लेने पहुंचे लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की भी सराहना की।
सभा अध्यक्ष सूरत सिंह रावत ने कहा कि गढ़वाल हितैषिणी सभा पूरे प्रवासी गढ़वाली समाज की संस्था है। उनका प्रयास है कि दिल्ली-एनसीआर में रहने वाला हर इच्छुक गढ़वाली इस संस्था से जुड़े और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी करे।
महासचिव पवन कुमार मैठाणी ने कहा कि उद्देश्य केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि समाज को एक मजबूत मंच पर जोड़ना है।
आजीवन सदस्यता के लिए 2,100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदक को दिल्ली का आवासीय प्रमाण और गढ़वाल मूल का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। शुल्क का भुगतान डिमांड ड्राफ्ट, यूपीआई या नकद के माध्यम से किया जा सकता है।
