@ मुरादाबाद उत्तरप्रदेश :-
15 मई को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध में पड़ी एक युवती ने अपने ही घर में करोड़ों रुपये की डकैती की साजिश रच डाली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 21 वर्षीय अरीबा ने अपने प्रेमी अरशद वारसी के साथ मिलकर इस वारदात की पूरी योजना बनाई थी। मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार नागफनी थाना क्षेत्र के रहने वाले पीतल कारोबारी इमरान के घर बीते रविवार देर रात डकैती हुई थी। बदमाश घर से करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। शुरुआत में मामला सामान्य डकैती का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
पुलिस के मुताबिक कारोबारी की बड़ी बेटी अरीबा पिछले कई महीनों से 27 वर्षीय अरशद वारसी के संपर्क में थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इसके पक्ष में नहीं था। इसके बाद अरीबा ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही घर में डकैती की साजिश रच डाली।
घर में लगे करीब 20 सीसीटीवी कैमरों, डिजिटल लॉक और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी अरीबा ने अपने प्रेमी को दी थी। यही कारण रहा कि बदमाश वारदात के दौरान सीसीटीवी की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घर के मुख्य गेट पर लगे डिजिटल लॉक का रिमोट अरीबा के पास था और उसी ने बदमाशों के पहुंचने पर गेट खोला था।
फिलहाल पुलिस ने मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले ने परिवार और आसपास के लोगों को पूरी तरह हैरान कर दिया है।
