@ नई दिल्ली :-
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सोमवार को लेबनान में बढ़ते संघर्ष और क्षेत्रीय तनाव पर चर्चा के लिए आपात बैठक आयोजित करेगी। यह बैठक फ्रांस के अनुरोध पर बुलाई गई है, जिसने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैन्य गतिविधियों के विस्तार पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

फ्रांस के राष्ट्रपति एम्मानुएल मैक्रॉन ने तत्काल युद्धविराम की अपील करते हुए कहा कि दक्षिण लेबनान में सैन्य उपस्थिति बढ़ाना किसी भी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता। इससे पहले फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने भी यूएन सुरक्षा परिषद से हस्तक्षेप की मांग की थी और ब्यूफोर्ट किले पर इजरायली नियंत्रण को लेकर चिंता जताई थी।
बारो ने कहा कि फ्रांस इजरायल के आत्मरक्षा के अधिकार को स्वीकार करता है, लेकिन लेबनानी क्षेत्र में लगातार सैन्य अभियानों और बढ़ते कब्जे को उचित नहीं माना जा सकता। उन्होंने संघर्ष को तत्काल रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस बीच, इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। अप्रैल में लागू हुआ संघर्षविराम पूरी तरह प्रभावी नहीं हो सका और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर इसके उल्लंघन के आरोप लगा रहे हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संकेत दिया है कि सैन्य अभियान को और आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं रक्षा मंत्री इस्राए काट्ज़ के साथ उन्होंने सेना को बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहियेह में हिज्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाने के निर्देश दिए हैं।
अमेरिकी कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्क रुबीओ ने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और नेतन्याहू से बातचीत कर तनाव कम करने की दिशा में चर्चा की। अमेरिकी पक्ष का कहना है कि स्थायी शांति के लिए हिज्बुल्लाह को पहले अपने हमले रोकने होंगे।
क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अब यूएन सुरक्षा परिषद की बैठक पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें टिकी हैं।
