@ देहरादून उत्तराखंड :-
देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन सड़क परियोजना को लेकर उठ रही जनचिंताओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा निर्णय लेते हुए परियोजना के तहत प्रस्तावित पेड़ों की कटाई को फिलहाल स्थगित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास राज्य की आवश्यकता है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई भी निर्णय नहीं लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है, जिस पर माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी आवश्यक वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों का पालन करते हुए कार्यवाही की जा रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना में पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत लगभग 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास के निर्माण का प्रावधान किया गया है, ताकि हाथियों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा छोटे वन्यजीवों के लिए विशेष कल्वर्ट भी बनाए जाने प्रस्तावित हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं में वन्यजीवों की मृत्यु की घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से नागरिकों, पर्यावरणविदों और स्थानीय लोगों द्वारा परियोजना को लेकर व्यक्त की जा रही चिंताओं और सुझावों का सरकार ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी हितधारकों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विषय विशेषज्ञों के साथ पुनः विस्तृत संवाद स्थापित करें, ताकि सभी पक्षों की राय पर समुचित विचार किया जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों और निर्णयों का पूर्ण सम्मान करेगी तथा आगे की कार्रवाई भी कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप ही होगी। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि जब तक सभी पक्षों के बीच संतोषजनक सहमति और विश्वास का वातावरण तैयार नहीं हो जाता, तब तक परियोजना क्षेत्र में किसी भी पेड़ की कटाई नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर, जनता की भावनाएं और राज्य का समग्र विकास सरकार की समान प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार संवाद, सहमति और व्यापक जनहित को आधार बनाकर ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी।
