@ गांधीनगर गुजरात :-
गुजरात पुलिस द्वारा ट्रैफिक शिकायतों के लिए संचालित अलग हेल्पलाइन नंबर को अब पूरे देश में कार्यरत 112 (इमरजेंसी- रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम- ईआरएसएस) हेल्पलाइन के साथ मर्ज कर दिया गया है। 1 अगस्त 2026 से ट्रैफिक संबंधी सभी टेलीफोनिक शिकायतें और प्रस्तुतियाँ केवल 112 नंबर पर ही दर्ज कराई जा सकेंगी।

ट्रैफिक संबंधी शिकायतों के लिए संचालित पुराने टोल-फ्री नंबर 1800 233 1122 पर अपेक्षाकृत बहुत कम शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। भारत सरकार की इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम के अंतर्गत सभी इमरजेंसी सेवाओं को एक ही मंच पर लाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। यह उल्लेखनीय है कि हेल्पलाइन नंबर में बदला गया है, लेकिन ऑनलाइन तथा ऐप आधारित शिकायतों के अन्य सभी माध्यम पूर्ववत जारी रहेंगे।
स्टेट ट्रैफिक शाखा द्वारा जानकारी दी गई है कि राज्य के सभी नागरिकों भविष्य में ट्रैफिक संबंधी सभी शिकायतों, सुझावों अथवा प्रस्तुतियों के लिए 112 हेल्पलाइन का उपयोग करें तथा यातायात एवं ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस तंत्र को सहयोग दें।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में मौसम विभाग द्वारा राज्य में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इसके चलते विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव अथवा पेड़ गिरने जैसी घटनाओं से ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर भी नागरिक त्वरित सहायता के लिए 112 नंबर पर संपर्क कर सकेंगे।
भारी वर्षा अथवा किसी भी इमरजेंसी स्थिति में वाहन चालकों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो तथा ट्रैफिक का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके, इसके लिए पुलिस तंत्र पूरी तरह तैयार है। इसलिए अब ऐसी परिस्थितियों में अलग-अलग नंबर याद रखने के बजाय केवल एक ही इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल करना होगा।
