@ राजौरी जम्मू और कश्मीर :-
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सुरक्षा बलों ने एक संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान घने जंगल में छिपे आतंकियों के अस्थायी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने थानामंडी क्षेत्र के बंगाई जंगल में अभियान चलाते हुए यह सफलता हासिल की।

अधिकारियों के अनुसार, आतंकी ठिकाना घनी झाड़ियों और ऊंचे पेड़ों के बीच इस तरह बनाया गया था कि वह आसानी से दिखाई नहीं देता था। गहन तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने इसे खोज निकाला। ठिकाने से चावल के दो पैकेट, इंस्टेंट नूडल्स, चाकू, लाइटर, प्लास्टिक शीट, पुराना कंबल, गैस स्टोव का नोजल, दो मोमबत्तियां और एक प्लास्टिक की बोतल सहित दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया।
ठिकाना मिलने के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आतंकियों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बल जंगल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहे हैं ताकि क्षेत्र में छिपे आतंकियों का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में राजौरी जिले में कई आतंकी ठिकानों का पर्दाफाश किया जा चुका है। इससे पहले भी सुरक्षाबलों ने एक ठिकाने से आईईडी, हथियार, गोला-बारूद, कपड़े और खाद्य सामग्री बरामद की थी। वहीं, थानामंडी क्षेत्र में एक अन्य अभियान के दौरान अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (UBGL), मेडिकल सामग्री और अन्य सैन्य उपकरण भी बरामद हुए थे। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि क्षेत्र में आतंकवादियों के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
