न्यूयॉर्क में निर्मला सीतारमण ने वैश्विक कंपनियों से भारत में निवेश का किया आह्वान

@ नई दिल्ली :-

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने न्यूयॉर्क दौरे के दौरान कई प्रमुख वैश्विक कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं। इन बैठकों में भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि, निवेश के अवसरों और विभिन्न उभरते क्षेत्रों में कारोबार विस्तार की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। वित्त मंत्री ने वैश्विक कंपनियों को भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

सरकार के अनुसार, बातचीत में डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय सेवाएं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जोखिम प्रबंधन और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर जैसे क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया गया।

टिलमैन होल्डिंग्स के चेयरमैन एवं सीईओ संजीव आहूजा के साथ बैठक में सीतारमण ने भारत में डिजिटल बुनियादी ढांचे के तेजी से विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल से डेटा सेंटर, हाई-कैपेसिटी नेटवर्क और विश्वसनीय ऊर्जा ढांचे की मांग बढ़ रही है।

मार्श री के सीईओ डीन क्लिसुरा और रणनीति एवं कॉरपोरेट डेवलपमेंट प्रमुख देवांशु ध्यानी के साथ हुई चर्चा में भारत के बड़े घरेलू बाजार, कुशल मानव संसाधन और सुधारोन्मुख कारोबारी माहौल को रेखांकित किया गया। कंपनी ने भारत में अपने कारोबार और उपस्थिति का विस्तार करने की इच्छा जताई तथा गिफ्ट सिटी पर अपना फोकस बढ़ाने की जानकारी दी।

बीएनवाई मेलन के ग्रुप सीओओ एलेजांद्रो पेरेज के साथ बैठक में भारत को कंपनी के लिए रणनीतिक बाजार बताया गया। चर्चा में तकनीक, एआई, नवाचार और प्रतिभा विकास में भारत की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया गया।

वित्त मंत्री ने बीएनवाई मेलन की टीम को गिफ्ट सिटी-आईएफएससी का दौरा करने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने वहां उपलब्ध वित्तीय उत्पादों और सेवाओं में निवेश तथा कारोबार विस्तार की संभावनाओं का लाभ उठाने पर जोर दिया।

One thought on “न्यूयॉर्क में निर्मला सीतारमण ने वैश्विक कंपनियों से भारत में निवेश का किया आह्वान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...