@ नई दिल्ली :-
सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एथलीटों ने इंडियन एथलेटिक्स फाइनल सीरीज-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। 10 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस आमंत्रण प्रतियोगिता में भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले और एशियाई खेलों के लिए तैयार हो रहे एथलीटों ने हिस्सा लिया।

BSF के चार खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल किए, जबकि दो अन्य स्पर्धाओं में शीर्ष-6 में स्थान बनाया। महिला वर्ग में M/CT निकिता शर्मा ने 1500 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। निकिता ने स्टीपलचेज स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया और 20 हजार रुपये का पुरस्कार जीता।
वहीं, CT जिश्नु पी.के. ने 200 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने 20.63 सेकंड का प्रभावशाली समय दर्ज किया, जो वर्तमान समय में भारत के सबसे तेज समयों में शामिल रहा। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली।
M/CT खुशी ने हाई जंप स्पर्धा में पांचवां स्थान हासिल कर BSF का गौरव बढ़ाया। उन्हें 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।


BSF के खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने पूरे सीमा प्रहरी परिवार को गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धियां राष्ट्रीय स्तर पर BSF में उभरती खेल प्रतिभा, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और उत्कृष्टता हासिल करने के निरंतर प्रयास को दर्शाती हैं।
BSF के महानिदेशक ने सभी खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई दी तथा भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
