@ नई दिल्ली :-
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशालय, नई दिल्ली में आज माउंट अबी गामिन पर्वतारोहण अभियान–2026 के सफल समापन पर फ्लैग-इन समारोह तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शत्रुजीत कपूर, महानिदेशक, ITBP थे। इस अवसर पर संजय गुंज्याल, अपर महानिदेशक (मुख्यालय) सहित बल के वरिष्ठ अधिकारी, पर्वतारोहण अभियान दल के सदस्य, खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं टीम प्रबंधक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप महानिरीक्षक (स्पोर्ट्स) पवन मलिक के स्वागत संबोधन से हुआ। इसके उपरांत माउंट अबी गामिन पर्वतारोहण अभियान दल का फ्लैग-इन किया गया। अभियान दल ने 16 सितंबर 2026 को 7,355 मीटर ऊँची माउंट अबी गामिन चोटी का सफल आरोहण कर ITBP की गौरवशाली पर्वतारोहण परंपरा में एक और उपलब्धि जोड़ी।
समारोह में जनवरी से अक्टूबर 2026 के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। चयनित खिलाड़ियों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए महानिदेशक प्रशस्ति चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र (DG’s Insignia & Commendation Roll) प्रदान किए गए।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में जापान में आयोजित 20वें एशियाई खेल–2026 में ITBP की सहायक उप निरीक्षक (जीडी) परवीन ने मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक तथा सिपाही (जीडी) नीरज चौहान ने तीरंदाजी में एक रजत एवं एक कांस्य पदक अर्जित कर देश और बल का गौरव बढ़ाया।
महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने अपने संबोधन में सफल पर्वतारोहण अभियान दल तथा पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण ITBP की विशिष्ट कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग है। इससे हिमवीरों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और दुर्गम परिस्थितियों में कार्य करने की दक्षता विकसित होती है। इसी प्रकार, खेल अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्टता की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने इन उपलब्धियों में प्रशिक्षकों एवं टीम प्रबंधकों के योगदान की भी सराहना की।

महानिदेशक ने कहा कि ITBP अपने पर्वतारोहियों एवं खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएँ और आवश्यक प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बल के कार्मिक भविष्य में भी अपने साहस, कौशल और समर्पण से नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और बल की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगे।
