@ नई दिल्ली :-
दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला साइबर थाना ने साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए पालम एक्सटेंशन में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी की। पुलिस ने इस मामले में कंपनी के रजिस्टर्ड मालिक और ऑपरेशन मैनेजर सहित कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 34 मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप और 14 CPU समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि आरोपी देशभर के निर्माताओं और व्यापारियों को विदेशों से बड़े ऑर्डर दिलाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके लिए वे Google लिस्टिंग, B2B वेबसाइटों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर कारोबारियों से संपर्क करते थे। शुरुआत में 5,900 रुपये और GST के अलावा विभिन्न पेड मेंबरशिप प्लान के नाम पर रकम वसूली जाती थी।
इसके बाद पीड़ितों को कथित विदेशी खरीदारों के WhatsApp नंबर दिए जाते थे। दरअसल, ये खरीदार भी इसी कॉल सेंटर के कर्मचारी होते थे, जो विदेशी कंपनियों का प्रतिनिधि बनकर बातचीत करते थे। बड़े निर्यात ऑर्डर का भरोसा दिलाने के बाद कारोबारियों से ISO, GMP, BRC, IEC और फूड सेफ्टी जैसे प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठे जाते थे। ठगी का सिलसिला जारी रखने के लिए उनसे बार-बार नए प्रमाणपत्रों की मांग की जाती थी।
पुलिस जांच में महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से संबंधित साइबर शिकायतों के तार भी इस नेटवर्क से जुड़े मिले हैं। ठगी से हासिल रकम म्यूल बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर की जाती थी।

पुलिस ने छापेमारी में 34 मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप, 14 CPU, 23 डायरियां, दो चेकबुक, फर्जी प्रमाणपत्र और अन्य अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। गिरोह ने ठगी को अंजाम देने के लिए सेल्स, सपोर्ट, बायर कनेक्ट, फर्जी खरीदार और आईटी की अलग-अलग टीमें बना रखी थीं।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह (IPS) के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और संभावित पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है।
