मध्यप्रदेश पुलिस ड्यूटी मीट में 21 श्रेष्ठ अधिकारी चयनित, मुंबई में करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व

@ भोपाल मध्यप्रदेश :-

70वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट में मध्यप्रदेश पुलिस का प्रभावी और सशक्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं के.पी. वेंकटेश्वर राव के मार्गदर्शन में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट का आज 17 नवंबर को डायल-112 के स्टेट कमांड सेंटर, भोपाल में समापन हुआ। इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जोन, जिलों और इकाइयों से कुल 91 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिन्होंने अपनी-अपनी संबंधित तकनीकी एवं वैज्ञानिक विधाओं में उत्कृष्ट कौशल और उच्च स्तर की तैयारी का प्रदर्शन किया।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में साइंटिफिक एड्स टू इन्वेस्टिगेशन श्रेणी के अंतर्गत विवेचना अधिकारियों ने मेडिको-लीगल ओरल परीक्षा, क्रिमिनल लॉ, फिंगरप्रिंट परीक्षण, ऑब्जर्वेशन टेस्ट, पोर्ट्रेट पार्ले, हैंडलिंग–लिफ्टिंग–पैकिंग–सीलिंग तथा एग्जिबिट्स के फॉरवर्डिंग की वैज्ञानिक प्रक्रिया जैसी महत्वपूर्ण विधाओं में अपनी दक्षता का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया। ये सभी विधाएँ वास्तविक अपराध अन्वेषण और न्यायालयीन प्रक्रिया से सीधे जुड़ी होने के कारण अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और प्रतिभागियों ने इन्हें बेहद पेशेवर तरीके से प्रस्तुत किया। वहीं पुलिस फोटोग्राफर्स द्वारा एक्सपर्ट पुलिस फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी परीक्षा में उत्कृष्ट तकनीकी समझ, एविडेंस डाक्यूमेंटेशन की सटीकता और आधुनिक उपकरणों के उपयोग में उनकी निपुणता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक क्‍यूडी शाखा ऋतुराज गुप्‍ता ने सभी प्रतिभागियों को वैज्ञानिक साक्ष्य के महत्व, न्यायालय में प्रभावी प्रकरण प्रस्तुति, डीएनए एवं अन्य प्राथमिक साक्ष्यों के संकलन की शुद्ध विधि, तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग पर अत्यंत महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में वैज्ञानिक आधारित विवेचना ही मामलों को न्याय तक पहुँचाने की निर्णायक शक्ति बन चुकी है, इसलिए इस प्रकार के आयोजन प्रदेश पुलिस की क्षमता-वृद्धि में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
उन्‍होंने यह भी बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित श्रेष्ठ प्रतिभागियों से कुल 21 अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की जाएगी, जो मुंबई में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। इस टीम को प्रतियोगिता से पूर्व सघन प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसमें वैज्ञानिक विवेचना, तकनीकी परीक्षण, क्राइम सीन मैनेजमेंट, डिजिटल एवं फोरेंसिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम में एफएसएल की संयुक्त संचालक हर्षा सिंह, पुलिस फोटो शाखा के उप पुलिस अधीक्षक अभिताभ तिवारी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय ओर तृतीय ऐसे 10 इवेंट में 30 पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि इस वर्ष भी प्रदेश की टीम अखिल भारतीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अनेक पदक जीतकर प्रदेश के गौरव में वृद्धि करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...