भारत और मलेशिया के बीच छठा संयुक्त सैन्य अभ्यास, हरिमौ शक्ति मलेशिया में आरंभ

@ नई दिल्ली :-

भारत और मलेशिया के बीच छठा संयुक्त सैन्य अभ्यास हरिमौ शक्ति मलेशिया के इपोह में आरंभ हुआ। यह सैन्य अभ्यास 19 से 30 नवंबर, 2026 तक चलेगा।

अभ्यास में दोनों देशों के 120-120 सैन्यकर्मी शामिल हैं। हरिमौ शक्ति द्विपक्षीय सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास है, जिसे बारी-बारी से भारत और मलेशिया में आयोजित किया जाता है।

इसका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के अधिदेश अध्याय 7 के तहत उप-पारंपरिक अभियानों के संचालन का संयुक्त अभ्यास करना है।

इस अभ्यास में आतंकवाद-रोधी अभियानों के दौरान दोनों देशों की सैन्य टुकड़ियों के बीच समन्वित कार्रवाई पर विशेष जोर रहेगा। अभ्यास में जंगल और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में समन्वित अभियानों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिसमें संयुक्त योजना, सामरिक तालमेल तथा उभरती प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल होगा, जिससे दोनों सेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता और अभियानगत प्रभावशीलता बढ़ाई जा सके।

विभिन्न चरणों में आयोजित होने वाले इस अभ्यास की शुरुआत एक-दूसरे की परिचालन प्रक्रियाओं से परिचित होने और पारस्परिक प्रशिक्षण से होगी जिसके बाद संयुक्त सामरिक अभ्यास किए जाएंगे। प्रशिक्षण गतिविधियों में संयुक्त कमान पोस्ट और निगरानी केंद्र स्थापित करना, आतंकवाद-रोधी अभियान, छापेमारी, घेराबंदी और तलाशी अभियान तथा युद्धक इंजीनियरिंग अभ्यास शामिल होंगे। टोही और निगरानी के लिए मानवरहित हवाई प्रणालियों (यूएएस) के एकीकृत इस्तेमाल के साथ ही शत्रु के ड्रोन का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए ड्रोन-रोधी प्रणालियों (सी-यूएएस) क्षमताओं पर विशेष जोर दिया जाएगा।

संयुक्त सैन्य अभ्यास का समापन आतंकवाद-रोधी अभियान के एक काल्पनिक परिदृश्य पर आधारित संयुक्त सटीकता जांच अभ्यास के साथ होगा। इसमें समन्वित जमीनी अभियान, एकीकृत निगरानी और मानवरहित प्रणालियों का इस्तेमाल किया जाएगा।

हरिमौ शक्ति अभ्यास से दोनों देशों की सेनाओं को रणनीतिक, तकनीकी और प्रक्रियात्मक सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा। इससे दोनों सेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता और आपसी समझ बढ़ेगी। यह अभ्यास भारत और मलेशिया के बीच रक्षा सहयोग तथा द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को और सुदृढ़ बनाएगा, जिससे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...