निफ्ट ने छाप-निफ्ट@दिल्ली हाट का आयोजन किया

@ नई दिल्ली

राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान वस्त्र मंत्रालय के साथ 2 से 15 सितंबर, 2024 तक नई दिल्ली स्थित दिल्ली हाट आईएनए में छाप- NIFT@दिल्ली हाट का आयोजन कर रहा है। इस कार्यक्रम को ‘छाप– भारत की हथकरघा और शिल्प परंपराओं की अमिट छाप’ नाम दिया गया है। यह कार्यक्रम NIFT क्राफ्ट क्लस्टर पहल को प्रदर्शित करता है। साथ ही, NIFT के छात्रों, पूर्व छात्रों और कारीगरों के बीच रचनात्मक सहभागिता को रेखांकित करता है। छाप-NIFT@दिल्ली हाट, फैशन और भारतीय शिल्प कौशल के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को लेकर संस्थान के अटूट समर्पण का एक प्रमाण है।

बहुआयामी दृष्टिकोण के साथ, दिल्ली हाट में NIFT की भागीदारी अकादमिक उत्कृष्टता और शिल्प-आधारित अनुप्रयोग के बीच की खाई को समाप्त करने के अपने मिशन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि का प्रतिनिधित्व करती है। इसके अलावा इस अनोखी सहभागिता का उद्देश्य NIFT के छात्रों और पूर्व छात्रों को अलग-अलग तरह के दर्शकों के समक्ष अपनी प्रतिभा और रचनात्मक दृष्टि प्रदर्शित करने के लिए एक रोमांचक मंच प्रदान करना है।

दिल्ली हाट में कारीगरों, हथकरघा बुनकरों के 160 से अधिक स्टॉल के साथ डिजाइनरों और कारीगरों के सहयोगी स्टॉल होंगे। इन कारीगरों और हथकरघा बुनकरों को पूरे देश से आमंत्रित किया गया है। चूंकि, उन्होंने डिजाइन, प्रबंधन और प्रौद्योगिकी के छात्रों को पारंपरिक कौशल, अभ्यासों और बदलते रुझानों व बाजारों के साथ उनके खुद के अनुकूलन को समझने के लिए अपने दरवाजे खोलकर NIFT शिल्प क्लस्टर पहल में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया है, इसलिए वे NIFT के साथ एक विशेष संबंध को साझा करते हैं। इन कारीगरों ने NIFT के छात्रों के साथ मिलकर सह-निर्माण करते हुए मार्गदर्शक की भूमिका निभाई है।

NIFT ने वस्त्र मंत्रालय के हथकरघा और हस्तशिल्प विकास आयुक्त कार्यालयों की सहभागिता में एक शिल्प क्लस्टर पहल की है, जिसके तहत छात्र शिल्प अनुसंधान व दस्तावेजीकरण, शिल्प आधारित डिजाइन परियोजनाओं पर कार्य करते हैं और कारीगरों के साथ मिलकर सह-निर्माण करते हैं। NIFT मंडप में इस कार्य का प्रदर्शन किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में फैशन शोकेस- समन्वय का आयोजन किया जाएगा, जिसमें NIFT के प्रतिभाशाली पूर्व छात्रों द्वारा संयुक्त रूप से तैयार डिजाइनों का संग्रह प्रस्तुत किया जाएगा। इस शोकेस में आधुनिक सौंदर्यबोध और पारंपरिक तकनीकों का मिश्रण प्रस्तुत किया जाएगा, जो भारतीय सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करते हुए नवाचार को बढ़ावा देने को लेकर NIFT की प्रतिबद्धता को दिखाता है।

टिकाऊ अभ्यासों पर संवादात्मक कार्यशालाएं- सृजन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रकार की व्यावहारिक कार्यशालाएं और विशेषज्ञ-नेतृत्व वाले सत्र शामिल होंगे। इन कार्यशालाओं में टिकाऊ अभ्यासों के विभिन्न पहलुओं को शामिल किया जाएगा। साथ ही, महत्वाकांक्षी डिजाइनरों और शिल्प उत्साही लोगों को बहुमूल्य जानकारी व कौशल प्रदान किए जाएंगे।

इसके अलावा इस कार्यक्रम में इंडी बैंड की ओर से संगीतमय प्रदर्शन- तरंग के तहत समकालीन संगीत की जीवंत और सारग्राही ध्वनियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसमें लोक और ध्वनिक से लेकर इलेक्ट्रॉनिक व वैकल्पिक शैलियों तक के प्रदर्शन एक डायनमिक संगीत आयाम जोड़ेंगे, जिससे आगंतुकों के समग्र अनुभव में बढ़ोतरी होगी।

दिल्ली हाट में NIFT का भव्य प्रदर्शन संस्थान की अपनी सुविचारित शैक्षणिक रणनीति को बढ़ावा देने को लेकर समर्पण को रेखांकित करता है। इस प्रतिष्ठित बाजार स्थल- दिल्ली हाट में प्रदर्शन करने को लेकर NIFT का उद्देश्य समुदाय के साथ जुड़ना, भारतीय शिल्प की समृद्ध कला का उत्सव मनाना, युवा आकांक्षियों को सूचित करना और डिजाइनरों की भावी पीढ़ियों को प्रेरित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...