अतिवृष्टि प्रभावित फसलों का जल्द करें आंकलन : पशुपालन मंत्री

@ पाली राजस्थान :-

पशुपालन मंत्री एवं स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने शुक्रवार को पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा में बारिश से हुए व्यापक नुकसान का आकलन करने के लिए दौरा किया। उन्होंने इलाके में वर्षा प्रभावित ग्राम पंचायत बिरामी, बड़ली, नौखरा बेरा इत्यादि गांवों का जायजा लिया और लोगों से मुलाकात की। मंत्री ने ग्रामीणों से राशन वितरण और मेडिकल सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
बांधों में जलस्तर लगातार बढ रहा है, ऐसे में सिंचाई विभाग के अधिकारियों को उनकी निगरानी के निर्देश दिए हैं। फसलों में पानी की निकासी नहीं होने से उनमें पीलापन दिखाई देने लगा है, जिससे उत्पादन प्रभावित होगा। ऐसे में फसल खराबे का सर्वे कर जल्द से जल्द रिपोर्ट तैयार करने के लिए तहसीदार व पटवारियों को निर्देश दिए गए हैं। क्षतिग्रस्त सड़कों का आंकलन कर उनके पेचवर्क करने के आदेश पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को दिए है। वहीं गांवों में ओवरफ्लो हो चुके तालाबों की निगरानी के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों को हिदायत दी गई है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। इस दौरान कुमावत ने पाली जिला कलेक्टर से दूरभाष पर वार्ता की व आवश्यक निर्देश दिए।
नगरपालिका सभागार में ली अधिकारियों की बैठक —
जोराराम कुमावत ने नगरपालिका सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने वर्षा से हुए नुकसान की स्थिति को लेकर चर्चा की। मंत्री ने क्षतिग्रस्त भवनों, सड़कों इत्यादि की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी के उचित प्रबंध करने के आदेश दिए।
इस दौरान तहसीलदार दिनेश आचार्य ने प्रशासन द्वारा राहत के उपायों तथा प्रभावित लोगों के लिए किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि से हुई क्षति के आकलन के लिये पटवारियों के द्वारा सर्वे कार्य किया जा रहा है। आपदा राहत टीम अलर्ट मोड पर तैनात है। आश्रय स्थलों में लोगों के लिये भोजन, पेयजल, कपड़े, बिस्तर, इत्यादि की भी पर्याप्त व्यवस्था कर दी गयी है। प्रशासन की प्राथमिकता सर्वप्रथम लोगों को प्राथमिक राहत पहुंचाना है। तत्पश्चात उनके क्षति के आंकलन कर शीघ्र-अतिशीघ्र मुआवजा देने की कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...