अवैध गैस कालाबाजारी के विरूद्व ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत बड़ी कार्यवाही, 35 सिलेण्डर जब्त

@ जयपुर राजस्थान :-

राजस्थान सरकार एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार जयपुर शहर में घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी, अवैध भण्डारण एवं रिफिलिंग की रोकथाम हेतु जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रवर्तन’ संचालित किया जा रहा है।
जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी, जयपुर प्रथम द्वारा विशेष प्रवर्तन दल का गठन किया गया। प्रवर्तन दल द्वारा पुलिस थाना सांगानेर सदर से प्राप्त सूचना के आधार पर गोविन्दपुरा (बक्षावाला), शिकारपुरा रोड, जयपुर में संयुक्त कार्यवाही की गई।
कार्यवाही के दौरान कुल अवैध 35 घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेण्डर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा एवं एक इलेक्ट्रॉनिक मोटर जब्त की गई।
प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि इस प्रकार के अवैध रिफिलिंग केन्द्र शहर में होने वाली दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रहे हैं। बिना सुरक्षा मानकों के संचालित ऐसे केन्द्र आमजन के जीवन एवं सम्पत्ति के लिए गम्भीर खतरा उत्पन्न करते हैं।
इसमें संलिप्त दो व्यक्तियों के विरूद्व पुलिस थाना सांगानेर सदर में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि अवैध रिफिलिंग, भण्डारण एवं कालाबाजारी में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्व भविष्य में भी कठोर कार्यवाही जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को देकर कार्यवाही में सहयोग करें, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...