@ नई दिल्ली :-
पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग, रियर एडमिरल सुशील मेनन की कमान में भारतीय नौसेना के जहाज दिल्ली, सतपुड़ा, शक्ति और किल्टन, सिंगापुर पहुँचे, जहाँ सिंगापुर गणराज्य की नौसेना के कर्मियों और सिंगापुर स्थित भारतीय उच्चायोग ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

यह यात्रा दक्षिण पूर्व एशिया में भारतीय नौसेना की परिचालन तैनाती का हिस्सा है। इस यात्रा का उद्देश्य कई कार्यक्रमों और गतिविधियों के माध्यम से दोनों समुद्री देशों के बीच दीर्घकालिक मित्रता और सहयोग को और मज़बूत करना है।
इस यात्रा के दौरान सिंगापुर गणराज्य की नौसेना के साथ व्यावसायिक बातचीत, शिक्षाविदों के साथ चर्चा और समुदाय के साथ जुड़ाव की योजना बनाई गई है, जो दोनों देशों के साझा मूल्यों को दर्शाते हैं।
भारतीय नौसेना और सिंगापुर गणराज्य की नौसेना के बीच तीन दशकों से भी अधिक समय से सहयोग, समन्वय और सहभागिता के मज़बूत परिचालन संबंध हैं, जिनमें नियमित यात्राएँ, सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान और पारस्परिक प्रशिक्षण व्यवस्थाएँ शामिल हैं। वर्तमान तैनाती दोनों नौसेनाओं के बीच मज़बूत संबंधों को रेखांकित करती है।


