@ भोपाल मध्यप्रदेश :-
भोपाल के बड़ा तालाब किनारे अतिक्रमण और कब्जों को हटाने के लिए शनिवार से फिर बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की टीमें कार्रवाई के लिए मैदान में उतरी। इस दौरान फार्म हाउस और बंगले हटाए जा रहे हैं। ये बड़ा तालाब के फुल टैंक लेवल यानी एफटीएल के दायरे में आ रहे थे।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही नगर निगम ने नेशनल ग्रीन ट्रूब्नल (एनजीटी) में अपनी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) पेश की थी। जिसमें बताया था कि तालाब क्षेत्र के 21 अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
इसके चलते शनिवार से कार्रवाई शुरू की गई। सुबह से ही नगर निगम बिल्डिंग शाखा, जिला प्रशासन की टीमें गौरागांव, बिशनखेड़ी पहुंची और कार्रवाई शुरू की। निगम के उपायुक्त भुवन गुप्ता के निर्देशन में पूरी कार्रवाई की जा रही है। टीटी नगर एसडीएम अर्चना शर्मा, तहसीलदार कुणाल राउत भी मौजूद हैं। शनिवार को कुल 6 अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
