@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बिहार 2025 के आधिकारिक ‘लोगो’ तथा ‘शुभंकर’ के अनावरण कार्यक्रम में कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स, 2025 का बिहार में आयोजन हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 मई को खेलो इंडिया यूथ गेम्स, 2025 का पटना में उद्घाटन करेंगे। बिहार की धरती पर हम सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हैं।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स का ‘लोगो’ बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना का प्रतीक है। इसका नारंगी और हरा रंग उत्साह और प्रकृति का मेल तथा शुभंकर ‘गजसिंह’ का स्वरूप एवं अवधारणा राज्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं खेल भावना का प्रतीक को दर्शाता है। यह शुभंकर बिहार की समृद्ध पुरातात्विक विरासत से प्रेरित है जो पाल काल के दौरान नालंदा एवं बोधगया स्थित मंदिरों और स्तंभों पर अंकित गजसिंह (हाथी सिंह के संयोग) की मूर्तियों से लिया गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बिहार 2025 का आयोजन बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस आयोजन के माध्यम से राज्य में खेलों की बुनियादी संरचना को और मजबूत करने तथा युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। मालूम हो कि बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बिहार 2025 का आयोजन हो रहा है। 4 मई से 15 मई तक बिहार के पांच ज़िलों पटना, नालंदा (राजगीर), गया, भागलपुर और बेगूसराय में खेल महाकुंभ का आयोजन होगा। इसमें 28 खेलों के लिए देशभर से 8 हजार 500 खिलाड़ी और 1500 टेक्निकल स्टाफ यानी कुल 10 हजार लोग भाग लेंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल गौरव यात्रा 15 अप्रैल से 2 मई के बीच बिहार के 38 जिलों से होकर गुजरेगी।

कला, संस्कृति एवं युवा मंत्री मोतीलाल प्रसाद के कर-कमलों द्वारा राज्य के समस्त कलाकारों के लिए एक समर्पित “बिहार आर्टिस्ट रजिस्ट्रेशन पोर्टल” का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल राज्य के शास्त्रीय, लोक, समकालीन, दृश्य व प्रदर्शनकारी कलाओं से जुड़े कलाकारों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकीकृत पहचान प्रदान करेगा, जिससे उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर की योजनाओं, कार्यक्रमों व मंचों से जोड़ा जा सकेगा। कार्यक्रम में विभागीय सचिव प्रणव कुमार, मती रचना पाटिल, निदेशक (संग्रहालय निदेशालय, पुरातत्व निदेशालय), मती रूबी, निदेशक (सांस्कृतिक कार्य निदेशालय) एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह के द्वारा फुलवारीशरीफ प्रखंड के कुरकुरी पंचायत स्थित अनुसूचित जाति-बाहुल्य टोला में विशेष विकास शिविर के अंतर्गत लगाये गये विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर उन्होंने लाभुकों से संवाद स्थापित किया। लाभार्थियों ने योजनाओं से प्राप्त लाभ पर प्रसन्नता व्यक्त की।

सहरसा के जिलाधिकारी वैभव चौधरी के द्वारा नरियार नगर निगम पैक्स कार्यालय में रबी विपणन् वर्ष 2025-26 अंतर्गत गेहूँ अधिप्राप्ति का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बेतिया के जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय के द्वारा मझौलिया प्रखंड के श्यामपुर महादलित टोला में विशेष विकास शिविर का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर उन्होंने राशन कार्ड से वंचित लाभुकों को राशन कार्ड तथा अभिभावकों को उनके बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किया। राशन कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र पाकर लाभुकों, बच्चों एवं उनके अभिभावकों के चेहरे पर खुशी देखी गई।

बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने बेगूसराय सदर प्रखंड अंतर्गत कुशमहौत पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्माण कार्य में तेजी एवं ससमय पूर्ण कराने के निर्देश दिये।

सुपौल के जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजना के क्रियान्वयन तथा कार्य प्रगति की जानकारी ली।