@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्माणाधीन 6 लेन शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शेरपुर में स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने गंगा नदी पर चल रहे पुल निर्माण कार्य का भी स्थलीय जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इसका निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करें।

सूबे में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने हेतु राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बिहार संग्रहालय तथा पटना संग्रहालय को जोड़नेवाले निर्माणाधीन टनल के निरीक्षण दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि टनल का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करें, जिससे बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय के दर्शक आसानी से एक जगह से दूसरी जगह जाकर प्रदर्शों का अवलोकन कर सकें। उन्होंने कहा कि टनल का बेहतर ढंग से निर्माण कराएं ताकि इलेक्ट्रिक वाहन के साथ-साथ पैदल पर्यटक आसानी से पटना संग्रहालय और बिहार संग्रहालय आवागमन कर सकें।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार संग्रहालय अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाया गया है। पटना संग्रहालय और बिहार संग्रहालय में बड़ी संख्या में पर्यटक आते रहते हैं। पटना संग्रहालय का विस्तारीकरण और उन्नयन कार्य बेहतर ढंग से किया जा रहा है। पटना संग्रहालय और बिहार संग्रहालय के बीच टनल निर्माण कार्य पूर्ण होने से पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी। पर्यटकों की संख्या को देखते हुए पार्किंग और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करें।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत जिला सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक हुई। अधिनियम अंतर्गत पटना जिले में जनवरी, 2025 से अभी तक 460 पीड़ितों के बीच ₹4 करोड़ से अधिक का मुआवजा भुगतान किया गया है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अत्याचार निवारण तथा पीड़ितों को त्वरित गति से न्याय दिलाने के लिए सजग, तत्पर तथा प्रतिबद्ध रहने के निर्देश दिये।

औरंगाबाद के जिलाधिकारी कांत शास्त्री की अध्यक्षता में मंडे फॉलो अप एवं जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन स्थित मैदान का निरीक्षण किया गया। मालूम हो कि इस मैदान पर होमगार्ड की बहाली के लिए फिजिकल टेस्ट लिया जाना है।

बक्सर के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

बांका के जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में सभी जिलास्तरीय पदाधिकारियों के साथ सोमवारीय बैठक हुई। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिये।

बेतिया के जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय की अध्यक्षता में प्रधान सहायकों की बैठक हुई। उन्होंने वित्तीय कार्य को हर हाल में वित्तीय नियमावली के तहत संपादित करने, कार्य संस्कृति को बेहतर बनाने तथा कार्यालय की गरिमा को बढ़ाने के निर्देश दिये।