@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उपराष्ट्रपति बिहार दौरे के अंतर्गत एल.एन.मिश्रा कॉलेज ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट, मुजफ्फरपुर में आयोजित विशेष समारोह में शामिल हुए।

नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक हुई। कुल 46 एजेंडों पर लगाई गयी मुहर।

मुख्यमंत्री कुमार से दिव्यांगजनों ने मुलाकात की। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि ढाई गुणा से अधिक बढ़ोत्तरी किये जाने पर आभार प्रकट किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं, आप सभी बुलंद रहिए। हमलोग सम्पूर्ण बिहार के विकास और हर तबके के उत्थान के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। आप सभी की जो भी जरूरतें होंगी उसे पूरा किया जाएगा। मालूम हो कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 21 जून 2025 को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में ढाई गुणा से अधिक बढ़ोत्तरी का निर्णय लिया है। इस फैसले के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांग और विधवा महिलाओं को अब 400 रुपये की जगह 1100 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। इस निर्णय से 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों का फायदा मिलेगा।

गन्ना मंत्री कृष्णनंदन पासवान के कर-कमलों द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में “गन्ना यंत्रिकरण योजना” अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्राप्ति हेतु SUMECH (
https://sugarcanemech.biha.ov.in) पोर्टल का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि 2025-26 में गन्ना यंत्रिकरण योजना के कार्यान्वयन हेतु कुल 10.00 करोड़ रुपये स्वीकृत है। इस योजना के माध्यम से किसानों द्वारा किये जा रहे गन्ना की खेती का लागत कम होगा तथा उनके शुद्ध आय में वृद्धि होने के साथ गन्ना के उत्पादन, उत्पादकता एवं चीनी रिकवरी प्रतिशत में भी वृद्धि होगी। साथ ही आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से गन्ना बीज का उपचार भी किया जा सकता है। कार्यक्रम में विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, ईखायुक्त अनिल कुमार झा, संयुक्त निदेशक, ईख विकास महेन्द्र प्रताप सिंह, संयुक्त ईखायुक्त जय प्रकाश नारायण सिंह के साथ संजय कुमार, वरीय तकनीकी निदेशक, एन०आई०सी०, पटना एवं अन्य पदाधिकारीगण तथा वैज्ञानिक मौजूद रहे।

मुख्य सचिव, बिहार अमृत लाल मीणा के द्वारा ‘ई-ऑफिस यूजर मैनुअल’ का विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि ‘ई-ऑफिस यूजर मैनुअल’ का प्रकाशन राज्य में प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी, त्वरित और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ग्रामीण कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह की अध्यक्षता में पुल निर्माण की तकनीकी बारीकियों पर केंद्रित एक विशेष उन्मुखीकरण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा उन कनीय अभियंताओं और तकनीकी पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित की गई, जिन्हें विभागीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु राज्य भर के क्षेत्रीय कार्यालयों में नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में ग्रामीण सड़कों के निर्माण में अपनाए जाने वाले तकनीकी स्पेसिफिकेशन्स तथा निर्माण के दौरान आवश्यक सावधानियों से संबंधित सभी पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक में 30 से अधिक विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा हुई तथा आ रहे व्यवधान को दूर किया गया। उन्होंने बताया कि सभी परियोजनाओं की कार्य प्रगति अच्छी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कैंप मोड में रैयतों का मुआवजा भुगतान, मार्ग-रेखन में आ रही संरचनाओं का विधिवत स्थानांतरण, त्वरित गति से आवश्यकतानुसार भू–अर्जन, अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर तीव्र गति से कार्य कराने एवं निर्माण एजेन्सीज़ से कार्यों में एसओपी के अनुसार सभी मापदंडों का अनुपालन कराने के निर्देश दिये।

मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा के अनुरोध पर अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग महिला मरीज मोहिनी देवी के द्वारा मॉडल अस्पताल, मधुबनी में ICU सेवा का उद्घाटन किया गया। मालूम हो कि जिला मॉडल अस्पताल, मधुबनी में 06 बेड का पूर्णतः वातानुकुलित ICU का संचालन शुरू हो गया है। जिसमें वेंटिलेटर, पेशेंट मॉनिटर, सिरिंज पंप, पेशेंट नर्सिंग बेल, इलेक्ट्रिक ICU बेल इत्यादि सहित सेंट्रलाईज्ड ऑक्सीजन, सेंट्रलाईज्ड सक्शन एवं सेंट्रलाईज्ड एयर की सुविधा उपलब्ध है

बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 अन्तर्गत गठित जिलास्तरीय समिति की बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।