@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा हीरो एशिया कप, 2025 का शुभारंभ किया गया। विदित हो कि बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के तत्वाधान में राजकीय खेल अकादमी-सह-खेल परिसर, राजगीर में हीरो एशिया कप, 2025 का आयोजन दिनांक आज 29 अगस्त से 7 सितम्बर 2025 तक निर्धारित है। इस प्रतियोगिता में कुल 8 देशों यथा भारत, चीन, जापान, चीन ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान एवं बांग्लादेश की टीमें भाग ले रही हैं ।

नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में एक एजेंडा पर मुहर लगाई गयी। बैठक में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नई योजना ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की स्वीकृति दी गयी है। इस योजना का मुख्य लक्ष्य राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य को लेकर राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने नवम्बर, 2005 में सरकार बनने के बाद से ही महिला सशक्तिकरण के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अब महिलाएं अपनी मेहनत से न केवल बिहार की प्रगति में अपना योगदान दे रही हैं बल्कि वे अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं। इसी मिशन को आगे बढ़ाते हुए हमलोगों ने महिलाओं के हित में अब एक महत्वपूर्ण एवं अभूतपूर्व निर्णय लिया है जिसके सकारात्मक दूरगामी परिणाम होंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने आज कैबिनेट की बैठक में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नई योजना ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की स्वीकृति दी है। इस योजना का मुख्य लक्ष्य राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के अंतर्गत आर्थिक सहायता के रूप में सभी परिवारों की एक महिला को अपनी पसंद के रोजगार हेतु 10 हजार रुपए की राशि प्रथम किस्त के रूप में दी जाएगी। इच्छुक महिलाओं से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। इसकी पूरी व्यवस्था एवं प्रक्रिया का निर्धारण ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा किया जाएगा एवं इसके लिए नगर विकास एवं आवास विभाग का आवश्यकतानुसार सहयोग लिया जाएगा। सितम्बर, 2025 से ही महिलाओं के बैंक खाते में राशि का हस्तांतरण प्रारंभ कर दिया जाएगा। महिलाओं द्वारा रोजगार शुरू करने के 6 माह के बाद आकलन करते हुए 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त सहायता आवश्यकतानुसार दी जा सकेगी। राज्य में गांवों से लेकर शहर तक महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए हाट बाजार विकसित किए जाएंगे। मुझे विश्वास है कि इस योजना के क्रियान्वयन से न सिर्फ महिलाओं की स्थिति और ज्यादा मजबूत होगी बल्कि राज्य के अंदर ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा मजबूरी में लोगों को रोजगार के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

नगर विकास एवं आवास मंत्री जिवेश कुमार की अध्यक्षता में किशनगंज जिला अन्तर्गत सभी निकायों बुडको एवं मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

मुख्य सचिव, बिहार अमृत लाल मीणा को लखीसराय के अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर के द्वारा लखीसराय कॉपी टेबल बुक भेंट किया गया।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर में आयोजित ‘जिला जनता दरबार’ में कुल 80 लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना गया। इस दौरान संबंधित मामलों के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई भी की गई। पदाधिकारियों को पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ जन–शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिये।

बक्सर के जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह की अध्यक्षता में जिला अभियोजन की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी विधानसभा आम चुनाव, 2025 को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक माह अधिक से अधिक संख्या में वादों का निष्पादन करा कर दोषी अभियुक्तों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना सुनिश्चित करेंगे ताकि अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों में भय व्याप्त हो एवं समाज में एक अच्छा संदेश जाए और आम नागरिक अमन चैन की जिंदगी व्यतीत कर सके।

जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत द्वितीय अपीलीय मामलों की सुनवाई हुई। उन्होंने कहा कि मामलों के निस्तारण में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। लोक शिकायत निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त मामले अतिक्रमणवाद, भूमि विवाद एवं भुगतान से संबंधित मामलों शामिल थे।