@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्माणाधीन भूमिगत पैदल यात्री मार्ग (सब-वे) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैवेलेटर, एस्केलेटर आदि का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं तथा कनेक्टिविटी के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्देश दिया कि भूमिगत पैदल यात्री मार्ग के बचे हुए कार्य को जल्द पूर्ण कर इसकी शुरूआत कराएं। उन्होंने कहा कि इसके शुरू होने से पटना जंक्शन और इसके आसपास के इलाकों में भीड़भाड़ कम होगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा।

नीतीश कुमार ने अशोक राजपथ पहुंचकर निर्माणाधीन डबल डेकर पुल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने डबल डेकर पुल के ऊपरी और निचली दोनों पुलों का गाड़ी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस डबल डेकर फ्लाईओवर के बचे हुए कामों को जल्द पूरा कर इसकी शुरुआत कराएं।
इसकी शुरुआत होने से पटना यूनिवर्सिटी जानेवाले छात्र-छात्राओं को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही अशोक राजपथ के इलाके में रहनेवाले लोगों का आवागमन सुलभ होगा और गाड़ियों के अनावश्यक शोर से भी राहत मिलेगी। मालूम हो कि अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से एन.आई.टी. मोड़ तक बन रहे इस डबल डेकर फ्लाई ओवर का काम लगभग पूरा हो चुका है।

पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन की अध्यक्षता में पथ निर्माण विभाग में B.S.R.D.C द्वारा राज्यभर में संचालित विकास परियोजनाओं के कार्य प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बीएसआरडीसी के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, विभागीय सचिव डॉ. संदीप कुमार आर. पुदकलकट्टी समेत कई वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

बांका के जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

पूर्णिया के जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवा, साफ-सफाई एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता समेत कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में जिलान्तर्गत सभी प्रखण्ड मे पदस्थापित कृषि विभाग के पदाधिकारियों/कर्मियों के साथ बैठक हुई। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा रबी वर्ष 2024-25 के अंतर्गत फसल अवशेष नहीं जलाने के लिए किसानों के बीच जागरूकता हेतु व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये।

अरवल के जिलाधिकारी कुमार गौरव द्वारा उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामपुर चाप का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में उपस्थित शिक्षकों के अध्यापन शैली को देखा तथा उपस्थित छात्राओं को गणित के प्रश्न हल करने को दिए। प्रश्न हल करने वाली छात्रा को जिलाधिकारी ने पुरस्कृत भी किया।

सीवान के जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में जिला के सभी अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि भूमि-विवादों का निपटारा ससमय करने हेतु प्रत्येक शनिवार को अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी के द्वारा संयुक्त रूप से कैंप करने के निर्देश दिये।