@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की योजनाएं न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं, बल्कि औद्योगिक, ऊर्जा एवं जल संसाधन विकास को भी नई गति प्रदान कर रही हैं। इसी क्रम में नवादा जिले के रजौली प्रखंड स्थित फुलवरिया जलाशय में स्थापित किए जा रहे 10 मेगावाट के फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट के प्रगति कार्य का पूर्व में मुख्यमंत्री द्वारा निरीक्षण किया गया था।
लगभग 30 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस जलाशय में ऊपर बिजली, नीचे मछली मॉडल को सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है, जो ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ मत्स्य पालन को भी बढ़ावा दे रहा है। रजौली बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना के अंतर्गत जल शोधन कर आसपास के 90 गांवों के घरों तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इसके साथ ही जलाशय में 182 फिश केज के माध्यम से आधुनिक मत्स्य पालन मॉडल की शुरुआत की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के नए स्रोत विकसित हो रहे हैं।

नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में बिहार पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इसी क्रम में पर्यटन मानचित्र पर एक और महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया का नाम जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री जी ने केसरिया में निर्माणाधीन टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि इसका निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। प्रस्तावित टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर में अत्याधुनिक 5डी थियेटर की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें एक साथ 48 दर्शकों के बैठने की सुविधा होगी। यहां बौद्ध शिक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण फ्रेम प्रदर्शित किए जाएंगे।
इसके साथ ही राज्य की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता को दर्शाने वाले शैक्षणिक डिस्प्ले भी स्थापित किए जाएंगे। परिसर में 90 से अधिक मूर्तियों को विशेष बॉक्सनुमा संरचनाओं में स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बिहार के विभिन्न ऐतिहासिक बौद्ध स्मारकों की 8 प्रतिकृतियां भी परिसर के चारों कोनों में स्थापित की जाएंगी। बिहार सरकार के इन प्रयासों से न केवल पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में राज्य को एक नई पहचान भी प्राप्त हो रही है।

मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने पथ निर्माण विभाग का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री जी ने पथ निर्माण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यों की जानकारी ली तथा उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज कुल 13 लोक शिकायत मामलों की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान उन्होंने संबंधित लोक प्राधिकारों को मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निवारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि लोक शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान अत्यंत आवश्यक है, जिसके लिए सभी लोक प्राधिकारों को तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लोक शिकायत निवारण के प्रति सजग, संवेदनशील एवं सक्रिय रहें, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय और राहत सुनिश्चित की जा सके।

नवादा के जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनका मौके पर ही अथवा संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता द्वारा प्रस्तुत शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।