@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा जे.पी. गंगा पथ अंतर्गत पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक संपर्क पथ का कार्यारंभ के दौरान निर्देश दिया कि इस संपर्क पथ के निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के अनुरूप पूर्ण कराएं। इसके बन जाने से सड़कों की संपर्कता तथा जे.पी. गंगा पथ की उपयोगिता और बढ़ेगी, इससे लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इस संपर्क पथ का ठीक ढंग से निर्माण कार्य पूरा हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें।

नीतीश कुमार ने कहा कि पथ निर्माण विभाग अंतर्गत बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा 52.54 करोड़ रूपये की लागत से पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक सम्पर्क पथ का निर्माण होना है। इस पथ का निर्माण राज्य सरकार एवं रेलवे के बीच भूमि के परस्पर आदान-प्रदान के आधार पर किया जा रहा है। यह पथ पटना साहिब रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर पटना घाट होते हुए जे.पी. गंगा पथ तक संपर्कता प्रदान करेगा, जिसकी कुल लंबाई 1.5 किलोमीटर है।

आईटी क्षेत्र में उद्यमिता एवं नावाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार स्टार्ट-अप कंपनियों को नि:शुल्क ऑफिस स्पेस का आवंटन करती है। इसी क्रम में माननीय सूचना प्रावैधिकी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू के कर-कमलों द्वारा आज 10 स्टार्ट-अप कंपनियों को पटना स्थित बिस्कोमान टावर के 9वें और 13वें तल पर स्पेस का आवंटन किया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता है। स्टार्ट-अप को बढ़ावा देना है और उसके लिए विभाग की तरफ से यह अनूठी पहल की गई है। इस मौके पर विभागीय सचिव अभय कुमार सिंह समेत कई वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में राजस्व मामलों के कार्य प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने बताया कि जिला में दाखिल-खारिज के 98 प्रतिशत से अधिक मामलों को निष्पादित किया गया है। साथ ही अधिकारियों को दाखिल-खारिज के 75 दिन से अधिक एवं परिमार्जन प्लस के 120 दिन से अधिक अवधि के लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने के निर्देश दिये।

सारण के जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में जिला परिषद, बेतिया राज तथा हथुआ राज की भूमि के संबंध में तथा जमाबंदी रद्दीकरण, सैरात / हाट बाजार बंदोबस्ती एवं जिला अंतर्गत सभी बाजारों में लगने वाले अतिक्रमण के संबंध में समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने समेत कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

औरंगाबाद के जिलाधिकारी कांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से अवैध उत्खनन की सूचना पर जिलान्तर्गत बटाने नदी बालू घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध उत्खनन पर रोक लगाने हेतु नियमित रूप से छापेमारी के निर्देश दिये।

शेखपुरा के जिलाधिकारी आरिफ अहसन ने महासार पंचायत में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आरम्भ किए गए “गोवर्धन योजना” का निरीक्षण किया। उन्होंने योजना की सहराना करते हुए इसको व्यापक स्तर पर क्रियान्वन कराने हेतु उप विकास आयुक्त को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये।

बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने औंटा सिमरिया सिक्स लेन पुल के लिए सिमरिया क्षेत्र में बन रहे गोलम्बर के निर्माण कार्य प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।

पूर्णिया के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुंदन कुमार द्वारा समाहरणालय परिसर स्थित EVM / VVPAT वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण किया गया। मालूम हो कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में प्रत्येक माह EVM/VVPAT वेयर हाउस में रखे हुए EVM की सुरक्षा व्यवस्था का समय-समय पर निरीक्षण किया जाना है।