@ पटना बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने राजभवन में न्यायमूर्ति विपुल मनुभाई पंचोली को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ दिलायी। इस मौके पर अमृत लाल मीणा, मुख्य सचिव, बिहार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नीतीश कुमार ने बिहार विधानमंडल मॉनसून सत्र के पहले दिन बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह और बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नन्द किशोर यादव को पुष्प गुच्छ भेंटकर अभिवादन किया।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय के द्वारा आज राजेन्द्र नगर स्थित अतिविशिष्ट नेत्र विज्ञान केन्द्र, पटना में डी.एन.बी. पाठ्यक्रम हेतु निर्मित नवीन ऑडिटोरियम का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं अधुनातन संसाधनों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह ऑडिटोरियम विकसित किया गया है, जिससे छात्र-छात्राओं को आधुनिक शिक्षा प्रणाली एवं सत्र आधारित शिक्षण का लाभ मिलेगा। समारोह के उपरांत बैचलर ऑफ ऑप्टोमेट्री पाठ्यक्रम के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को उनके प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

किशनगंज के जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में जिलास्तरीय पदाधिकारियों की बैठक हुई। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिये।

सहरसा के जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यातायात नियमों के अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।

बेतिया के जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने रमना खेल मैदान, बेतिया का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम शीघ्र बनेगा। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान एण्ट्री और एग्जिट द्वार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये।

अरवल के जिलाधिकारी कुमार गौरव द्वारा सोन नदी में बढ़ते जलस्तर को लेकर सोन तटीय क्षेत्र सहार पुल, जनकपुर धाम, अहियापुर घाट तथा दून छपरा घाट आदि का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बढ़ते जलस्तर की सतत् निगरानी एवं सतर्क रहने के निर्देश दिये।

बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह, 2025 को लेकर बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समारोह के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये।