@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटेल भवन स्थित गृह विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग तथा राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा कार्य पद्धतियों की जानकारी ली।

नीतीश कुमार ने गृह विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निरीक्षण के दौरान कहा कि राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र बहुत उपयोगी केन्द्र है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 24 घंटे संचालित यह केन्द्र बेहतर ढंग से कार्य कर रहा है जिसका लाभ राज्य के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में अच्छी वर्षा होने से किसानों को रोपनी कार्य में फायदा हो रहा है। नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर संबंधित अधिकारी अलर्ट मोड में रहें तथा एस.ओ.पी.के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखें।

सूबे में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाये रखने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पुलिस उपाधीक्षक यातायात एवं यातायात थानों के लिए 71 पुलिस वाहनों के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कहा कि इन पुलिस वाहनों की उपलब्धता से राज्य में पुलिसिंग की कार्य क्षमता तथा दक्षता और बढ़ेगी। साथ ही विधि-व्यवस्था को मेंटेन करने में और सहूलियत होगी। राज्य के विभिन्न जिलों में यातायात व्यवस्था इससे और सुदृढ़ होगी। साथ ही सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन और बेहतर होगा।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के द्वारा परसा-सम्पतचक सड़क के एलाइनमेंट एवं मीठापुर-महुली से परसा-सम्पतचक सड़क के रैम्प के लिए भू-अर्जन के कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये गये। साथ ही पुनपुन में ग्रामीणों, किसानों सहित आम लोगों से संवाद भी स्थापित किया गया।

कटिहार के जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने समेत कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समेकित बाल विकास सेवा योजनाओं (ICDS) की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने कहा कि “आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और महिलाओं के लिए एक संवेदनशील सेवा स्थल हैं। यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी किसी भी रूप में स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के द्वारा अधिकारियों / कर्मियों के लिए बनाए जा रहे आवासीय क्वार्टर्स और कार्यालय भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करें।

गयाजी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सभी विधानसभाओं का प्रारूप सूची की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराया गया।