बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…

@ पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…

शिक्षक बहाली में बिहार के निवासियों को डोमासाइल नीति की प्राथमकिता देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही हमलोग शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार काम कर रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। शिक्षकों की बहाली में बिहार के निवासियों (DOMICILE) को प्राथमिकता देने हेतु शिक्षा विभाग को संबंधित नियम में आवश्यक संशोधन करने का निर्देश दिया गया है। यह TRE-4 से ही लागू किया जाएगा। वर्ष 2025 में TRE-4 एवं वर्ष 2026 में TRE-5 का आयोजन किया जाएगा। TRE-5 के आयोजन के पूर्व STET का आयोजन करने का भी निर्देश दिया गया है।
👉 नीतीश कुमार ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्व. शिबू सोरेन एक प्रख्यात राजनेता थे। वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे थे। झारखंड की राजनीति में उनका अहम योगदान रहा है। उनके निधन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
👉 नीतीश कुमार ने भागलपुर जिले के शाहकुंड-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में 05 कावंरियों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना काफी दुःखद है। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
👉 मुख्यमंत्री को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने स्वरचित पुस्तक ‘Bihar Hai Taiyar- A journey of Transformation 2005-2025’ की प्रथम प्रति भेंट की। पुस्तक में वर्ष 2005 से 2025 तक बिहार की विकास यात्रा का जिक्र है। बीते दो दशक में दूरदर्शी नेतृत्व, ईमानदार प्रशासन और बिहारी जनमानस की अटूट इच्छाशक्ति से हुए बिहार में परिवर्तन यात्रा की इसमें चर्चा है। इस अवसर पर जल संसाधन -सह-संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार एवं जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा मौजूद रहे।
👉 पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम द्वारा लाल बहादुर उच्चतर माध्यमिक प्लस टू विद्यालय, मखदुमपुर, पुनपुन, पटना का औचक निरीक्षण किया गया। बच्चे काफी कम संख्या में उपस्थित पाए गए। उन्होंने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, पुनपुन को चेतावनी देते हुए उन्हें अपने मूल दायित्वों को रूचिपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिये।
👉 खगड़िया के जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिलास्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। उन्होंने 16 अगस्त से 20 सितंबर, 2025 तक आयोजित होने वाले राजस्व महाअभियान को सफल बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये।
👉 जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय द्वारा डायरिया प्रकोप के मद्देनजर काको प्रखंड के प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित विभागों को सतर्क रहने एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
👉 औरंगाबाद के जिलाधिकारी कांत शास्त्री द्वारा अरोहण विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान का निरीक्षण किया। मालूम हो कि यह संस्थान 0-06 वर्ष तक के देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए आश्रय का कार्य करता है।
👉 बक्सर के जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु समीक्षा बैठक हुई। मालूम हो कि बक्सर जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु कुल 1187650 लाभार्थी हैं। जिसके आलोक में अभी तक जिले में कुल 695709 पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है। आयुष्मान कार्ड बनाने में बक्सर जिला पूरे राज्य में तृतीय स्थान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...