@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कुल 36 एजेंडों पर मुहर लगाई गयी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बिहार कैबिनेट ने महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए ‘बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक (नियुक्ति, स्थानान्तरण अनुशासनिक कार्रवाई एवं सेवाशर्त) (संशोधन) नियमावली 2025″ की स्वीकृति। इस नियमावली के अंतर्गत बिहार राज्य से शैक्षणिक अर्हता प्राप्त अभ्यर्थी विद्यालय अध्यापक के पद पर अधिक संख्या में नियुक्त हो सकेंगे। साथ ही बिहार कैबिनेट ने मिड-डे-मील रसोइया, रात्रि प्रहरी, शारीरिक स्वास्थ्य अनुदेशकों के मानदेय वृद्धि पर अपनी स्वीकृति दी है। बिहार सरकार ने कुछ दिन ही पहले 2 लाख 30 हजार से ज्यादा रसोइयों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की थी एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं एवं ममता कार्यकर्ताओं के भी मानदेय बढ़ाने पर बिहार कैबिनेट ने मुहर लगाई।

नीतीश कुमार के द्वारा सालेपुर-राजगीर फोरलेन हाईवे निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर जल संसाधन-सह-संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री कुमार के द्वारा NH 82 पर नवनिर्मित ROB का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर जल संसाधन-सह-संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

नीतीश कुमार ने बिहार के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि सत्यपाल मलिक 4 अक्टूबर, 2017 से 22 अगस्त, 2018 तक बिहार के राज्यपाल रहे थे। सत्यपाल मलिक के रूप में देश ने एक बड़े व्यक्तित्व को खो दिया। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, पटना द्वारा जल-जीवन-हरियाली दिवस का आयोजन अरण्य भवन के सभागार में किया गया। इस अवसर पर विभाग के मंत्री डॉ. सुनील कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (HoFF) बिहार, प्रभात कुमार गुप्ता और मिशन निदेशक, जल-जीवन-हरियाली मिशन, अभिलाषा कुमारी शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बिहार सरकार का फ्लैगशिप अभियान जल-जीवन-हरियाली मिशन वर्ष 2019 से जलवायु परिवर्तन से निपटने, जल संचयन, और हरियाली बढ़ावा देना है।

पटना के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम. के निर्देश पर निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, 2025 के तहत आम नागरिकों को विशेष सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों (AEROs) एवं शहरी निकाय कार्यालयों में विशेष कैम्प लगाया जा रहा है। 2 अगस्त से 1 सितंबर तक (प्रत्येक दिन सोमवार से रविवार तक लगातार) 10 बजे पूर्वाह्न से 05 बजे अपराह्न तक यह लगेगा। इन विशेष कैम्प के दौरान मिशन मोड में दावों एवं आपतियों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।

रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में दैनिक जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कई फरियादियों की समस्या सुनी एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसके तत्काल निवारण हेतु जरुरी दिशा-निर्देश दिये।

बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला द्वारा नगर निगम के वार्ड संख्या- 42 एवं 43 के अंतर्गत खातोपुर से विष्णुपुर की ओर जाने वाली सड़क पर बुडको द्वारा कराये जा रहे सिवरेज कार्य का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर उक्त मार्ग को मोटरेबल (वाहन चलाने योग्य) बनाया जाए ताकि आमजनों को शीघ्र राहत मिल सके।