@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना-गया-डोभी पथ परियोजना का निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसका निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि पटना-गया-डोभी मार्ग के निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने से पटना से डोभी तक पहुंचने में लोगों के समय की बचत होगी और आवागमन भी सुलभ हो जाएगा। साथ ही लोगों को झारखंड पहुंचने में भी समय की बचत होगी।

सूबे में विधि-व्यवस्था बनाये रखने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि विधि-व्यवस्था राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि अपराध अनुसंधान कार्य में तेजी लाएं और इसे ससमय पूर्ण करें ताकि दोषियों पर जल्द कार्रवाई हो सके। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस और प्रशासन मुस्तैदी से कार्य करें तथा अपराध नियंत्रण हेतु पूरी सख्ती से कार्रवाई करें।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि बिहार पुलिस की संख्या बढ़ाने के लिए विभिन्न श्रेणियों में 2,29,139 पद स्वीकृत किये जा चुके हैं। 1,06,436 पुलिसकर्मी कार्यरत है। शेष रिक्त पदों पर बहाली शीघ्र करें। कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है जल्द-से-जल्द बचे हुए पदों पर पुलिस की बहाली होने से कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सहूलियत होगी।

माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जदयू विधान परिषद दिनेश सिंह के पुत्र राहुल सिंह की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि यह घटना अत्यंत दु:खद एवं पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने जदयू विधान पार्षद दिनेश सिंह से दूरभाष पर बात कर सांत्वना दी।

माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश पटना तथा जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने पालीगंज में नवनिर्मित अनुमण्डलीय न्यायालय, आवासीय भवन तथा उपकारा भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने इसका संचालन शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिये।

नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में जिला जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 25 फरियादियों की समस्याएं सुनी एवं उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

पूर्णिया के जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में सभी विभाग से जुड़े कार्यो की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिये।

रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में जिलास्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी राज्य की सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता में रखें। साथ ही कहा कि RTPS में कोई भी मामला लंबित नहीं होना चाहिए। लंबित मामलों में संबंधित पदाधिकारी के ऊपर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बांका के जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में सभी जिलास्तरीय पदाधिकारियों की बैठक हुई। उन्होंने लंबित पत्रों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की तथा काफी दिनों से लंबित पत्रों के तुरंत निष्पादन के निर्देश दिये।

कैमूर के जिलाधिकारी सावन कुमार ने भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत पढ़ौती पंचायत के आंगनबाड़ी केन्द्र संख्या- 27 गोबरछ का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।