@ नई दिल्ली :-
नव वर्ष के अवसर पर देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के दूरसंचार प्रदाता भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने वॉयस ओवर वाई-फाई (वीओ वाई-फाई ) सेवा जिसे वाई-फाई कॉलिंग भी कहा जाता है, के राष्ट्रव्यापी विस्तार की प्रसन्नतापूर्वक घोषणा की। यह उन्नत सेवा अब देश के प्रत्येक दूरसंचार सर्कल में सभी BSNL ग्राहकों के लिए उपलब्ध है जो चुनौतीपूर्ण वातावरण में भी निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली कनेक्टिविटी सुनिश्चित करती है।

यह सेवा अब देश के सभी दूरसंचार सर्किलों में BSNL ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। वीओ वाई-फाई ग्राहकों को वाई-फाई नेटवर्क पर वॉयस कॉल और संदेश भेजने और प्राप्त करने की सुविधा देता है, जिससे घरों, कार्यालयों, बेसमेंट और दूरदराज के स्थानों जैसे कमजोर मोबाइल सिग्नल वाले क्षेत्रों में स्पष्ट और विश्वसनीय कनेक्टिविटी सुनिश्चित होती है।
वीओ वाई-फाई आईएमएस-आधारित एक सेवा है जो वाई-फाई और मोबाइल नेटवर्क के बीच निर्बाध हैंडओवर का समर्थन करती है। कॉल ग्राहक के वर्तमान मोबाइल नंबर और फोन डायलर का उपयोग करके किए जाते हैं जिसके लिए तीसरे पक्ष के एप्लिकेशन की आवश्यकता नहीं होती है।
यह सेवा ग्रामीण और दूरदराज के उन क्षेत्रों में विशेष रूप से लाभप्रद है जहां मोबाइल कवरेज सीमित होती है बशर्ते BSNL भारत फाइबर या किसी अन्य ब्रॉडबैंड सेवा जैसी एक स्थिर वाई-फाई कनेक्टिविटी उपलब्ध हो। वीओ वाई-फाई नेटवर्क पर दबाव कम करने में भी सहायता करती है। वाई-फाई कॉल्स के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क लिए बिना नि:शुल्क प्रदान की जाती है।
वीओ वाई-फाई का शुभारंभ BSNL के नेटवर्क आधुनिकीकरण कार्यक्रम और देश भर में कनेक्टिविटी में सुधार, विशेषकर कम सेवा वाले क्षेत्रों में, उसकी प्रतिबद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वीओ वाई-फाई अधिकांश आधुनिक स्मार्टफ़ोन पर समर्थित है। ग्राहकों को अपने हैंडसेट की सेटिंग्स में वाई-फाई कॉलिंग को मात्र सक्षम (इनेबल) करना होगा। डिवाइस संगतता और सहायता के लिए, ग्राहक निकटतम BSNL ग्राहक सेवा केंद्र पर जा सकते हैं या BSNL हेल्पलाइन – 18001503 पर संपर्क कर सकते हैं।
