@ चंडीगढ़ हरियाणा :-
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में IKEA India के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पैट्रिक एंटोनी के नेतृत्व में आए स्वीडिश प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक के रूप में प्रतिनिधिमंडल को भगवद गीता की एक प्रति भेंट की।

बैठक के दौरान हरियाणा में निवेश, औद्योगिक विकास और व्यापारिक सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य में निवेश के लिए उपलब्ध अनुकूल वातावरण, आधुनिक आधारभूत ढांचे, बेहतर कनेक्टिविटी और उद्योग-अनुकूल नीतियों की जानकारी प्रतिनिधिमंडल को दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार वैश्विक कंपनियों का स्वागत करती है और निवेशकों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वीडिश प्रतिनिधिमंडल ने भी हरियाणा में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों और निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई। बैठक में दोनों पक्षों के बीच भविष्य में आर्थिक सहयोग, निवेश विस्तार और रोजगार सृजन के अवसरों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की मुलाकातें अंतरराष्ट्रीय कंपनियों और हरियाणा के बीच साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विदेशी निवेश से राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
