देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यशाला जयहरीखाल मे आयोजित

@ कमल उनियाल जयहरीखाल उत्तराखंड :-

भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार की देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय उद्यमिता ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. लवनी रानी राजवंशी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. राजवंशी ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं उद्यमिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को नए विचार, नवाचार और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में विशेष वक्ता के रूप में प्रोजेक्ट मैनेजर दिलीप सिंह कुशुवाहा उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं, स्टार्टअप के अवसरों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा यदि सही दिशा और मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ें, तो वे रोजगार पाने वाले ही नहीं बल्कि रोजगार देने वाले भी बन सकते हैं।

इस अवसर पर महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में लगभग 50 छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए उद्यमिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...