@ नई दिल्ली :-
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट, दिल्ली पर सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने और संभावित आतंकी खतरों से निपटने की क्षमता का आकलन करने के लिए संयुक्त आतंकवाद विरोधी मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इस अभ्यास में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की अहम भूमिका रही।

अभ्यास में दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG), दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL), जीएमआर, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS), एयरपोर्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग (ARFF), मेदांता मेडिकल टीम, रैक्सा (RAXA) सहित विभिन्न संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया।
मॉक अभ्यास के दौरान एयरपोर्ट पर आतंकी हमले और बंधक बनाए जाने जैसी आपातकालीन स्थिति का वास्तविक स्वरूप तैयार किया गया। इसमें सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवादी खतरे से निपटने, बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने और प्रभावित क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करने का अभ्यास किया।
इस संयुक्त अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाना और किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने की तैयारियों को परखना था।
CISF सहित सभी सहभागी एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण अभ्यास किया गया।

