@ नई दिल्ली :-
द्वारका जिले की द्वारका साउथ थाना पुलिस टीम ने स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल एक एमबीए पास स्नैचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 07 छीने हुए मोबाइल फोन और थाना डाबरी क्षेत्र से चोरी की गई एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस ने 05 स्नैचिंग और 01 वाहन चोरी का मामला सुलझा लेने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक हाल ही में द्वारका साउथ क्षेत्र में स्कूटी सवार बदमाश द्वारा मोबाइल झपटने की कई घटनाएं सामने आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO द्वारका साउथ इंस्पेक्टर राजेश कुमार साह के नेतृत्व में एसीपी द्वारका किशोर कुमार रेवाला की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया।20 नवंबर की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी रेलवे लाइन के पास DDA पार्क क्षेत्र में आएगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी में उसके पास से सैमसंग M-52 मोबाइल मिला। पूछताछ में उसने चोरी की स्कूटी का खुलासा किया जिसमें उसने बाकी मोबाइल छिपाए थे। उसकी निशानदेही पर 5 और मोबाइल बरामद किए गए।
प्रदीप कुमार मलिक उर्फ राहुल, निवासी राजनगर पालम / श्याम विहार-II। वह शादीशुदा है और एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय से एमबीए कर चुका है। बेरोजगारी के चलते नशे की लत में पड़कर अपराध करने लगा।
बरामदगी:
• 07 छीने हुए मोबाइल फोन
• 01 चोरी की स्कूटी (DL12SHXXXX)
पुलिस के अनुसार दो मोबाइल अभी शिनाख्त से लंबित हैं। आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
