@ नई दिल्ली :-
12 नवंबर 2026 को पूर्वी जिला दिल्ली पुलिस ने राजधानी दिल्ली में रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के बाहर यात्रियों को साझा टैक्सी का झांसा देकर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपित आनंद विहार ISBT सहित सार्वजनिक परिवहन केंद्रों के आसपास यात्रियों को अपना निशाना बनाते थे। वे गंतव्य तक पहुंचाने के नाम पर यात्रियों को टैक्सी में बैठाते और कुछ दूरी तय करने के बाद उनके साथ लूटपाट करते थे। इतना ही नहीं, कई वारदातों में आरोपित पीड़ितों से जबरन UPI के माध्यम से भी रकम ट्रांसफर कराते थे।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 2 नवंबर को एक यात्री ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि आनंद विहार ISBT के बाहर एक टैक्सी चालक ने उसे कपासहेड़ा बॉर्डर तक साझा सवारी देने की पेशकश की थी। भरोसा करके टैक्सी में बैठने के बाद चालक और उसके दो साथियों ने रास्ते में उससे नकदी और कीमती सामान लूट लिया। बदमाशों ने उसके बैंक खाते से जबरन UPI के जरिए सात हजार रुपये भी ट्रांसफर करा लिए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। आरोपितों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान की।
इसके बाद 5 नवंबर की रात गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में छापेमारी कर वीर सिंह, किशनपाल और विजय उर्फ मोनू को वारदात में इस्तेमाल ऑरा कार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इनसे पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चौथे आरोपी विकास उर्फ कालिया को भी दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ऑरा कार, धौलाकुआं से लूटा गया एक मोबाइल फोन और 3,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि गिरोह की गिरफ्तारी से लूट के चार मामले सुलझे हैं। पूछताछ में आरोपितों ने एक दर्जन से अधिक अन्य वारदातों में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस अब इन मामलों की कड़ियां जोड़ने और गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।
DCP पूर्वी जिला राजीव कुमार ने बताया कि सार्वजनिक परिवहन केंद्रों के आसपास सक्रिय अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
