@ देहरादून उत्तराखंड :-
उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय में शनिवार को नॉर्थ ईस्टर्न पुलिस अकादमी (NEPA), उम्साव, मेघालय से ‘भारत दर्शन’ शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत 22 से 26 सितंबर, 2026 तक उत्तराखण्ड प्रवास पर आए प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों के दल ने पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड दीपम सेठ एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की। इस दल में 1 Dy.SP तथा 21 SIs/ASI रैंक के कुल 22 प्रशिक्षु अधिकारी शामिल थे।

उप सहायक निदेशक, NEPA पवन कुमार शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अकादमी के प्रशिक्षण मॉड्यूल की जानकारी दी। प्रशिक्षु अधिकारियों ने उत्तराखण्ड प्रवास के दौरान अर्जित व्यावहारिक अनुभव एवं प्रमुख सीखें भी साझा की।
प्रशिक्षु दल ने चारधाम यात्रा नियंत्रण कक्ष में CCTV एवं ड्रोन आधारित भीड़-यातायात प्रबंधन, साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में साइबर अपराध जांच एवं हेल्पलाइन 1930, तथा राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) में आधुनिक फॉरेंसिक तकनीकों एवं साक्ष्य संकलन की कार्यप्रणाली का स्थलीय अध्ययन किया। कोतवाली नगर देहरादून में गौरा शक्ति मॉड्यूल, चीता पुलिसिंग एवं CCTNS, जबकि SDRF में आपदा प्रबंधन एवं खोज-बचाव अभियानों की जानकारी प्राप्त की। हरिद्वार कमांड एंड कंट्रोल सेंटर एवं ATC में कुम्भ-कांवड़ मेला सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, SPO आधारित जनसहयोग एवं खोया-पाया व्यवस्था का भी अध्ययन किया।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा पुलिसिंग में तकनीक के व्यापक एवं प्रभावी उपयोग की सराहना करते हुए आपदा प्रबंधन में SDRF की भूमिका को भी सराहा। उन्होंने भ्रमण के दौरान प्राप्त मार्गदर्शन, व्यावहारिक अनुभव एवं आतिथ्य-सत्कार के लिए पुलिस महानिदेशक तथा समस्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने प्रशिक्षु अधिकारियों से पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद करते हुए उनके अनुभवों एवं जिज्ञासाओं को सुना। प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा और सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि एक पुलिस अधिकारी के लिए कानून का ज्ञान, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ-साथ आमजन के प्रति संवेदनशील, विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार भी आवश्यक है। उन्होंने वर्तमान समय में पुलिस अधिकारियों के लिए तकनीकी रूप से दक्ष होने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि साइबर अपराध, डिजिटल साक्ष्य तथा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग की जानकारी आज की पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

पुलिस महानिदेशक महोदय उप सहायक निदेशक, NEPA एवं को प्रशिक्षु अधिकारियों एक स्मृति चिह्न भी भेंट किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन- ए. पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक/निदेशक यातायात- कृष्ण कुमार वी.के, पुलिस महानिरीक्षक, कार्मिक- सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय/पी एंड एम- बरिन्दरजीत सिंह, सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण एवं प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित रहे।
