@ पुन्दाग रांची झारखंड :-
24 जुलाई 2026 को एस.आर. डीएवी. पब्लिक स्कूल, पुंदाग में डीएवी स्पोर्ट्स क्लस्टर लेवल मीट–2026 का भव्य शुभारंभ उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, बरियातू, गोविंदपुर, खूंटी, बचरा, चतरा, टंडवा तथा एस.आर. डीएवी. पब्लिक स्कूल, पुंदाग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, दृढ़ संकल्प एवं खेल भावना का विकास करना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिवेन्द्र कुमार सिंह, जिला खेल पदाधिकारी, झारखंड थे। विशिष्ट अतिथियों में शिवेन्द्र नाथ दुबे, कोषाध्यक्ष, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन एवं संस्थापक महासचिव, झारखंड वुशु एसोसिएशन; एम. के. सिन्हा, सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी, डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखंड ज़ोन-बी; बिपिन राय, सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी, डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखंड ज़ोन-जी सह प्राचार्य, डीएवी पब्लिक स्कूल, हेहल एवं प्रबंधक, एस.आर. डीएवी. पब्लिक स्कूल, पुंदाग; तथा प्रदीप कुमार झा, प्राचार्य, डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधीनगर ; आलोक कुमार दुबे,’ पासवा ‘ के अध्यक्ष तथा लाल किशोर नाथ शाहदेव, ‘ पासवा ‘ के उपाध्यक्ष ने उपस्थित रहकर उद्घाटन समारोह में चार चांद लगाए।समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। इसके पश्चात आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. तापस घोष ने सभी अतिथियों एवं विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा टीम प्रबंधकों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भी सशक्त माध्यम है।

डीएवी. झारखंड ,जोन – ब के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी एम. के. सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल बच्चों के चहुंमुखी विकास के माध्यम हैं।यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि पिछले ओलंपिक खेलों में डीएवी.के चार खिलाड़ी पदक विजेता रहे थे,जिनमें नीरज चोपड़ा,मनु भाकर के नाम प्रमुख हैं ।साथ ही हॉकी की विजेता टीम में भी डीएवी. के कई खिलाड़ी शामिल थे।वे सभी खिलाड़ी आज के खिलाड़ियों के प्रेरणा स्रोत हैं।

विपिन राय , एआरओ ,जोन – जी, प्राचार्य , डीएवी. हेहल ,मैनेजर , एस. आर. डीएवी. पुंदाग ने भी सभा को संबोधित करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की प्रेरणा देते हुए कहा कि खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक तथा मानसिक विकास तो होता ही है ,साथ ही उनमें सहयोग,नेतृत्व,टीम भावना, सहनशीलता आदि का भी विकास होता है।
खिलाड़ियों ने खेल भावना एवं निष्पक्ष प्रतियोगिता की शपथ ली। डीएवी .स्पोर्ट्स ध्वज फहराए जाने के उपरांत मुख्य अतिथि शिवेन्द्र कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की तथा खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
क्लस्टर लेवल मीट के अंतर्गत जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, वुशु, मुक्केबाज़ी, कुश्ती, भारोत्तोलन एवं हैंडबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागी खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे तथा जोनल स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर प्राप्त करेंगे ,तत्पश्चात उनका चयन राष्ट्रीय स्तर के खेलों के लिए किया जाएगा।समारोह में विद्यालय परिवार, विभिन्न डीएवी.विद्यालयों के शिक्षक, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति ने आयोजन को सफल एवं प्रेरणादायी बना दिया।
