@ नई दिल्ली :-
एस. आर. डीएवी.पब्लिक स्कूल,पुंदाग में हिंदी दिवस के अवसर पर बाल कवि सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया,जिसमें कक्षा षष्ठ से द्वादश तक के नवीन कवि – कवयित्रियों ने भाग लिया।उनकी स्वरचित कविताओं में भारतीय संस्कृति के अनेक रूप दिखाई दिए।बाल कवियों ने पर्यावरण संरक्षण,महिला सशक्तीकरण,देशभक्ति,भाषा प्रेम आदि महत्त्वपूर्ण विषयों पर सुंदर प्रस्तुति दी।

प्राचार्य डॉ. तापस घोष ने हिंदी विभाग के अध्यापक – अध्यापिकाओं के साथ मिलकर ज्ञान दीप प्रज्वलित करके हिंदी दिवस समारोह के कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में हिंदी पूरे विश्व में सबसे अधिक बोली जानेवाली चौथी भाषा है,जिसका प्रचार – प्रसार दिनों – दिन बढ़ता ही जा रहा है।हमें इस बात का गर्व होना चाहिए। भारत के लगभग 57 प्रतिशत लोग इसी भाषा में विचारों का आदान -प्रदान करते हैं।इसका व्यावसायिक महत्त्व भी बढ़ता ही जा रहा है,जिससे इस भाषा के प्रति लोगों की रुचि बढ़ रही है।
उन्होंने शिक्षक समुदाय से कहा कि वे विद्यार्थियों को हिंदी के क्षेत्र में बढ़ रहे रोज़गार के अवसरों की भी जानकारी दें। वे अपने विकास के लिए पठन – मनन – चिंतन ज़ारी रखें एवं विद्यार्थियों को भी अधिक से अधिक लाभ पहुंचाएं। सभी शिक्षक अपने विषय में अध्ययनशील रहें।
बाल कविसम्मेलन में श्रेष्ठ प्रस्तुति देनेवाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस समारोह में विद्यार्थियों एवं शिक्षक – शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।शांति पाठ के साथ सभा समाप्त हुई।


