@ चंडीगढ़ हरियाणा :-
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के फगवाड़ा में आयोजित श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री विश्वकर्मा को नमन करते हुए देश के निर्माण और विकास में कारीगरों, शिल्पकारों तथा मेहनतकश वर्ग के योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने 116 वर्ष पुराने ऐतिहासिक मंदिर में पहुंचकर भगवान श्री विश्वकर्मा के चरणों में शीश नवाया और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण, तकनीक और कौशल के प्रतीक हैं। उनके आदर्श हमें मेहनत, हुनर और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कारीगरों के कौशल विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत अब तक 30 लाख कारीगर जुड़ चुके हैं। यह योजना पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को नई पहचान देने के साथ उनके हुनर को आधुनिक अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने भी कारीगरों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता और सम्मान देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विश्वकर्मा सम्मान योजना शुरू की है। इसके तहत प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को राज्य सरकार की ओर से 5,000 रुपये अतिरिक्त दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कारीगरों का हुनर देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव है। सरकार का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके पारंपरिक कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
