@ भुवनेश्वर ओडिशा :-
ओडिशा सरकार ने राज्य में प्राथमिक शिक्षा को और अधिक सशक्त एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘गोदावरीश मिश्र आदर्श प्राइमरी स्कूल योजना’ लागू करने की पहल की है। इस योजना का उद्देश्य बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा की नींव को मजबूत करना तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

राज्य सरकार का मानना है कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति है और छात्र ही एक समृद्ध, खुशहाल तथा विकसित ओडिशा के भविष्य के निर्माता हैं। इसी सोच के साथ सरकार प्राथमिक शिक्षा के बुनियादी ढांचे को आधुनिक और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है। योजना को सत्यबाड़ी बकुला बनास विद्यालय की प्रेरणादायी शैक्षिक परंपराओं और आदर्शों से प्रेरित बताया गया है, जिसने वर्षों से समाज में शिक्षा और नैतिक मूल्यों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
‘गोदावरीश मिश्र आदर्श प्राइमरी स्कूल योजना’ के तहत विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, बेहतर शिक्षण संसाधनों की उपलब्धता, बच्चों के लिए अनुकूल सीखने का वातावरण तथा आधुनिक शैक्षणिक व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
सरकार का कहना है कि राज्य का विकास तभी संभव है जब प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे और अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सके। इस योजना के माध्यम से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। शिक्षा क्षेत्र में यह पहल ओडिशा को ज्ञान, नवाचार और सामाजिक प्रगति के नए आयामों की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
