@ सिद्धार्थ पाण्डेय /चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम ) झारखंड :-
पहले सोमवारी पर गुवा के तीनों शिवालय, गुवा बाजार स्थित कुसुम घाट के समीप शिवालय, गुवा रेलवे कॉलोनी स्थित शिवालय तथा योग नगर स्थित शिवालय में श्रद्धालुओं ने सुबह 4:00 बजे से ही जलाभिषेक किया।

साथ ही तीनों शिवालयों में बोल बम के नारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए गुवा प्रशासन के द्वारा तीनों शिवालयों में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई ताकि श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने में परेशानी ना हो। वही कुसुम घाट स्थित शिवालय में मंदिर कमेटी की ओर से खिचड़ी एवं खीर भोग वितरण किया गया।
मौके पर पुजारी प्रभात पाणीग्रही एवं प्रीतिश पानीग्रही ने कहा किसरल, पवित्र मंत्र ‘ॐ नमः शिवाय’ भगवान शिव का एक शक्तिशाली आह्वान है।
ऐसा माना जाता है कि इस मंत्र का नियमित जाप मन, शरीर और आत्मा को शुद्ध करता है और उन्हें भगवान शिव की शुद्ध, शक्तिशाली और दिव्य ऊर्जा के साथ जोड़ता है। पुजारी प्रीतिश ने स्पष्ट किया कि शिवजी को प्रसन्न करने के लिए भक्त श्रद्धापूर्वक व्रत और पूजा पाठ कर सकते हैं ।
इसलिए महादेव की पूजा करते समय नि:स्वार्थ भाव, भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा और समर्पण भाव दिखाएं ।मंत्रों का जाप करें और साथ ही मानसिक व शारीरिक शुद्धि जैसे स्नान, ध्यान और तपस्या करें। मौके पर शिव भक्तों में अपार हर्ष एवं प्रसन्नता देखी गई।

