ग्वालियर पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया

@ भोपाल मध्यप्रदेश :-

प्रदेश में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं संगठित चोरी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्वालियर जिले की थाना इंदरगंज पुलिस ने सूने मकान में सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 ग्राम सोने का टुकड़ा, 50 ग्राम सोने की चूड़ियां, 12 किलो 500 ग्राम चांदी तथा एक आई-20 कार सहित लगभग 87 लाख रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।

इससे पूर्व पुलिस ने एक विधि विरूद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर, गिरोह के मास्टरमाइंड तथा चोरी का माल खरीदने वाले सर्राफा कारोबारी को गिरफ्तार कर उनके कब्‍जे से लगभग 7 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति जब्‍त कर चुकी है।

इस प्रकार प्रकरण में अब तक लगभग 94 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।

उल्‍लेखनीय है कि 05 मई को थाना इंदरगंज क्षेत्र निवासी फरियादी द्वारा अपने सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रकरण पंजीबद्ध होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देशन में थाना इंदरगंज पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं सतत निगरानी के माध्यम से आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पनिहार टोल के आगे जंगल क्षेत्र में जमीन में छिपाकर रखी गई 02 किलो चांदी कीमत 06 लाख रूपए, एक जोडी पायजेब कीमत 9 हजार रूपए, एक सोने की चेन कीमत 75 हजार रूपए, 02 सोने की अंगूठी कीमत 42 हजार रूपए सहित लगभग 7 लाख 25 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की थी। पुलिस द्वारा चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

One thought on “ग्वालियर पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...