हिंदुस्तान शिपयार्ड में भारतीय नौसेना के पहले फ्लीट सपोर्ट शिप एफएसएस-1 का शुभारंभ

@ विशाखापत्तनम आंध्रा प्रदेश :-

हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड, विशाखापत्तनम में निर्माणाधीन फ्लीट सपोर्ट शिप श्रृंखला का पहला जहाज, एफएसएस-1, 06 अक्टूबर 2026 को लॉन्च किया गया। नौसेना की परंपराओं के अनुरूप, नौसेना कल्‍याण एवं स्‍वास्‍थ्‍य संघ (एनडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यूए) की अध्‍यक्ष लैला स्‍वामीनाथन ने मुख्‍य अतिथि, माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में जहाज का शुभारंभ किया।

इस कार्यक्रम में फ्लीट सपोर्ट शिप शृंखला के पांचवें जहाज एफएसएस-5 की नींव रखी गई और मुख्‍य अतिथि द्वारा एचएसएल में एक महत्‍वपूर्ण अवसंरचना उन्‍नयन, ऑगमेंटेड स्लिपवे का उद्घाटन किया गया। नौसना प्रमुख एडमिरल कृष्‍णा स्‍वामीनाथन और भारतीय नौसेना, रक्षा मंत्रालय, एचएसएल, विशाखापत्तनम के अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारी समारोह में उपस्थित गणमान्‍य व्‍यक्तियों में शामिल थे।

फ्लीट सपोर्ट शिप का डिज़ाइन और निर्माण विशाखापत्तनम स्थित एचएसएल द्वारा स्‍वदेशी रूप से किया गया है, जिसमें 82 प्रतिशत से अधिक स्‍वदेशी सामग्री का उपयोग हुआ है। यह नौसेना, शिपयार्ड, रक्षा उद्योगों और लघु एवं मध्‍यम उद्यमों के बीच उच्‍चतम स्‍तर के पारस्‍परिक सहयोग को दर्शाता है। शामिल होने पर, ये जहाज समुद्र में बेड़े के जहाजों की आपूर्ति करके भारतीय नौसेना की ‘ब्‍लू वाटर’ क्षमताओं को बढ़ाएंगे।

ये जहाज परिचालन रसद को और मजबूत करेंगे, जिससे बेड़े की रणनीतिक पहुंच और गतिशीलता में वृद्धि होगी। अपनी सहायक भूमिका में, ये जहाज मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभियान और गैर-लड़ाकू निकासी अभियान (एनईओ) चलाने में सक्षम होंगे, जिससे राहत सामग्री का त्‍वरित वितरण और कर्मियों की निकासी सुनि‍श्चित होगी।

इस प्रतिष्ठित परियोजना ने भारतीय जहाज निर्माण उद्योग को उल्‍लेखनीय रूप से बढ़ावा दिया है और यह भारत सरकार की आत्‍मनिर्भर भारत तथा मेक इन इंडिया पहल का एक गौरवशाली ध्‍वजवाहक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...