@ भोपाल मध्यप्रदेश :-
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हवाई यात्रा केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि एक आनंददायक यात्रा का अनुभव भी बने। मध्यप्रदेश अपने नागरिकों और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ संस्कृति की आत्मीयता भी प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश की दूरियों को नहीं, बल्कि दिलों और अनुभवों को भी जोड़ने जा रहे हैं। हेलीकॉप्टर सेवा पर्यटन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी। यह सुविधा न केवल पर्यटकों और यात्रियों का समय बचायेगी बल्कि उन्हें एक ही यात्रा में आस्था, आध्यात्म, पर्यटन और अनुभव का अद्भुत संगम भी प्रदान करेगी। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को हवाई मार्ग से जोड़कर दूरियां मिटाकर समय बचाना भी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को राजा भोज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पीएम पर्यटन हेलीकॉप्टर्स को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश में इस सेवा का विधिवत् शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर तथा संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी को बोर्डिंग पास देकर इस हेली पर्यटन सेवा की प्रक्रियागत शुरुआत भी की।
पर्यटन, राज्य की अर्थव्यवस्था का है सशक्त स्तंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को 70वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल एक उत्सव मात्र नहीं, प्रदेश की विकास यात्रा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ने 70 वर्षों की इस लंबी यात्रा में अनेक चुनौतियां पार की हैं। अब हमारा लक्ष्य ही नहीं दृढ़ सकंल्प भी है कि हम मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर, तकनीक-संपन्न और पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाकर रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र है, जो अर्थव्यवस्था, संस्कृति और समाज – तीनों को परस्पर जोड़ता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन हमारे देश और प्रदेश की इकोनॉमी का इकलौता ऐसा क्षेत्र है जो नई-नई लोकेशन्स, अलग-अलग संस्कृतियों और ऐतिहासिक चीजों को अपने तरीके से एक्सप्लोर करने का आनंद, रोजगार और पहचान तीनों देता है। मध्यप्रदेश में विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, वन संपदा और धार्मिक पर्यटन का अनोखा संगम है। हमारा प्रयास है कि इन स्थलों तक सीधी पहुंच और यहां की सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पीएम पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा इसी दृष्टि से एक अभिनव पहल है, जिससे देशी-विदेशी सभी पर्यटकों को प्रदेश के प्रमुख स्थलों तक सीधी, सुरक्षित और शीघ्र पहुंच सुविधा मिल सकेगी।
हेलीकॉप्टर सेवा से पर्यटन को मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि पीएम पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा में प्रारंभिक चरण में तीन प्रमुख पर्यटन सेक्टर्स में हेली सेवाएं चलाई जायेंगी। प्राथमिक चरण में इंदौर से उज्जैन एवं ओंकारेश्वर, भोपाल से मढ़ई एवं पचमढ़ी तथा जबलपुर से बांधवगढ़ एवं कान्हा जैसे प्रमुख स्थलों तक हेलीकॉप्टर उड़ानें संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस सेवा से पर्यटकों को कम समय में अधिक पर्यटन स्थलों की यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही, यह सेवा प्रदेश के ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में रोजगार सृजन, होम-स्टे व्यवसाय और स्थानीय उत्पादों के विपणन को भी बढ़ावा देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस पहल से प्रदेश में हेलीकॉप्टर चार्टर कंपनियों, पर्यटन एजेंसियों, गाइड सेवा प्रदाताओं और महिला स्व-सहायता समूहों को भी नए अवसर प्राप्त होंगे।
तीन सेक्टर में पीएम हेली सर्विस शुरू
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर पीएम हेलीकॉप्टर सेवा की अनुपम सौगात मिली है। इससे पर्यटकों को पैकेज के रूप में सभी तरह की सुविधाएं मिलेंगी। शुरुआती चरण में प्रदेश के 3 सेक्टर में पीएम हेली सर्विस शुरू की जा रही है। भोपाल से मढ़ई-पचमढ़ी, इंदौर से उज्जैन-ओंकारेश्वर और जबलपुर से कान्हा-बांधवगढ़ सेक्टर पर पर्यटकों को हेलीकॉप्टर सुविधा मिलेगी। अभी भोपाल से सड़क मार्ग से पचमढ़ी जाने में साढ़े 5 घंटे लगते है, लेकिन नई पीएम हेली सर्विस से पर्यटक सिर्फ 45 से 50 मिनट में पचमढ़ी पहुंच सकेंगे। पीएम पर्यटन हेली सर्विस जबलपुर से कन्हा और बांधवगढ़ को लिंक करेगी। इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा से एक दिन में दोनों ज्योतिर्लिंग के दर्शन हो जाएंगे। बाबा महाकाल की नगरी में प्रदेश का 9वां एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के सभी एयरपोर्ट वास्तुशिल्प के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उज्जैन में बनने वाले एयरपोर्ट की संरचना में बाबा महाकाल की कृति नजर आएगी। प्रधानमंत्री मोदी के 11 साल के शासनकाल में देश में एयरपोर्ट की संख्या दोगुना हो गई है। भारत विमानन क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। दिल्ली के पास जेवर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बन रहा है। शाजापुर में हेलीकॉप्टर की मदद से कृष्ण मृग को पकड़कर गांधीसागर, कान्हा और कूनो अभ्यारण्य में छोड़ा गया है।
पर्यटन के जरिए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पर्यटन सेवाओं का यह विस्तार केवल सुविधाओं की शुरुआत नहीं, बल्कि ‘आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश’ के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नई सेवा और सुविधा रोजगार, कौशल विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक पर्यटकों की संख्या दोगुना की जाए और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था का आकार 50,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नई हेली पर्यटन सेवाओं से स्थानीय युवाओं के साथ-साथ महिलाओं को भी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि देवी अहिल्या नारी सशक्तिकरण मिशन के माध्यम से महिलाओं को पर्यटन, आतिथ्य और हस्तकला क्षेत्र में प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन और नेतृत्व में मध्यप्रदेश छू रहा है नित नई ऊंचाईयों को
संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में हमारा पर्यटन विभाग नए आयाम स्थापित कर रहा है। पहले पीएम एंबुलेंस के सफल संचालन के बाद कुछ स्थान ऐसे रह गए थे, जहां आज पीएम पर्यटन हेली सर्विस शुरू की जा रही है। आज मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर विकसित मध्यप्रदेश @2047 का विजन डॉक्यूमेंट लॉन्च किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पास प्रदेश को आगे ले जाने के लिए अनेक नए आइडिया हैं। राज्यमंत्री लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन और नेतृत्व में मध्यप्रदेश नित नई ऊंचाईयों को छू रहा है। इसी कुशल नेतृत्व का अनुसरण कर मध्यप्रदेश पर्यटन भी नित नए आयाम गढ़ रहा है। राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि यह सेवा केवल हवाई यात्रा को सुगम नहीं बनाएगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन, स्थानीय उत्पादों, और सांस्कृतिक समृद्धि को भी प्रोत्साहित करेगी। अब पर्यटक बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से लेकर सतपुड़ा की गोद में बसे पचमढ़ी और कान्हा-बांधवगढ़ के वन अंचलों तक का सफर कुछ ही घंटों में कर सकेंगे। यह पहल एक “आत्मनिर्भर और कनेक्टेड मध्यप्रदेश” की ओर अभिनव कदम है।
हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा का नियमित संचालन 20 नवम्बर 2025 से प्रारंभ होगा। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा राज्य के पर्यटन स्थलों के बीच हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के अंतर्गत यह सेवा मध्य प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान देगी। ‘पीएम पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ का संचालन प्रत्येक सेक्टर में सप्ताह में 5 दिन किया जाएगा। सेवा संचालन के लिए सेक्टर-1 में मेसर्स ट्रांस भारत एविएशन तथा सेक्टर-2 और सेक्टर-3 में मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ 3 वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध किए गए हैं। प्रारंभिक चरण में निजी ऑपरेटर द्वारा प्रत्येक सेक्टर में हेलीकॉप्टर संचालित किए जाएंगे, जिनमें कम से कम 6 यात्री सीटें होंगी।
इन 3 प्रमुख सेक्टरों में होगा संचालन
प्रदेश के प्रमुख पर्यटक स्थलों, धार्मिक स्थलों, राष्ट्रीय उद्यानों के मध्य हवाई यात्रा को सुलभ बनाने के लिए 3 सेक्टरों में प्रादेशिक हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाय की जाएगी। चाहे वह महाकाल की नगरी उज्जैन हो, ओंकारेश्वर का दिव्य तट, बांधवगढ़ का जंगली रोमांच हो या पचमढ़ी की शांत वादियाँ, यह सेवा प्रदेश के हर प्रमुख धार्मिक स्थल, राष्ट्रीय उद्यान और ऐतिहासिक धरोहर को एक सूत्र में पिरोती है।
सेक्टर-1 में इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, मांडू, महेश्वर, गांधीसागर, मंदसौर,, नीमच, हनुवंतिया, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, रतलाम, झाबुआ, नलखेड़ा, भोपाल और जबलपुर के बीच सेवा संचालित की जाएगी
सेक्टर-2 में भोपाल, मढ़ई, पचमढ़ी, तामिया, छिंदवाड़ा, सांची, इंदौर, दतिया, दमोह, ग्वालियर, शिवपुरी, कूनो (श्योपुर), ओरछा, गुना, राजगढ़, सागर, होशंगाबाद, बैतूल, टीकमगढ़ और जबलपुर के बीच सेवा संचालित की जाएगी।
सेक्टर-3 में जबलपुर, बांधवगढ़, कान्हा, चित्रकूट, सरसी, परसुली, मैहर, सतना, पन्ना, खजुराहो, कटनी, रीवा, सिंगरौली, अमरकंटक, सिवनी, सीधी, मंडला, पेंच, डिंडौरी, भोपाल और इंदौर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जायेगी।
पर्यटकों को मिलेगा “एंड टू एंड” मिलेगा अनुभव
“पीएम पर्यटन” की सबसे बड़ी विशेषता इसका “एंड टू एंड” (संपूर्ण) अनुभव है। आपकी यात्रा आपके घर के दरवाज़े से शुरू होती है। एक आरामदायक टैक्सी आपको हेलीपैड तक ले जाएगी। उड़ान के बाद, आपके ठहरने के लिए होटल, मंदिरों में दर्शन, भ्रमण के लिए गाइड और जंगल सफारी तक, सब कुछ पहले से ही आपके लिए व्यवस्थित होगा। आपको केवल हर पल का आनंद लेना है। यात्रा के सुखद समापन पर, हम आपको सुरक्षित वापस आपके घर तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी भी लेते हैं।
राजा भोज एयरपोर्ट में हुए भव्य कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक विष्णु खत्री, विधायक सिंगरौली रामनिवास मेश्राम, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, राहुल कोठारी, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

Some times its a pain in the ass to read what blog owners wrote but this site is very user pleasant! .
This is really interesting, You are a very skilled blogger. I’ve joined your feed and look forward to seeking more of your magnificent post. Also, I have shared your website in my social networks!
I have been reading out many of your stories and it’s pretty nice stuff. I will definitely bookmark your blog.
As I website possessor I believe the content matter here is rattling excellent , appreciate it for your hard work. You should keep it up forever! Best of luck.
Hi, Neat post. There’s an issue along with your website in web explorer, may test this… IE still is the marketplace chief and a good section of other people will omit your great writing due to this problem.