@ भोपाल मध्यप्रदेश :-
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों पर अंकुश लगाने तथा साइबर ठगी के पीड़ितों को उनकी राशि वापस दिलाने के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में इंदौर पुलिस ने चार अलग-अलग कार्रवाइयों में अस्पताल में अपॉइंटमेंट के नाम पर ठगी गई 1 लाख रुपये की राशि पीड़िता को वापस दिलाई, म्यूल बैंक खातों के जरिए अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया, दिल्ली में 5.50 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के प्रकरण में फरार चार आरोपियों को दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा तथा ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म को म्यूल बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

अस्पताल में अपॉइंटमेंट के नाम पर 1 लाख की साइबर ठगी, पूरी राशि वापस कराई
इंदौर निवासी आवेदिका द्वारा सीएचएल हॉस्पिटल में डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर संपर्क नंबर सर्च किया गया था। प्राप्त नंबर पर संपर्क करने पर अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को अस्पताल से संबंधित बताकर विश्वास में लिया और अपॉइंटमेंट बुक करने के नाम पर फर्जी लिंक भेजी। आवेदिका द्वारा लिंक पर क्लिक कर बताई गई प्रक्रिया पूरी करने के दौरान साइबर ठग ने उनके साथ 1 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की।
आवेदिका द्वारा NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए जाने पर क्राइम ब्रांच इंदौर की साइबर फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस की प्रभावी कार्रवाई एवं न्यायालय के आदेश के फलस्वरूप आवेदिका को ठगी की संपूर्ण राशि 1 लाख रुपये वापस कराई।
OPERATION MATRIX: म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क पर इंदौर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई, दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार
इंदौर पुलिस द्वारा OPERATION MATRIX के तहत साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों की पहचान कर उनके नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच इंदौर ने फेडरल बैंक के एक संदिग्ध म्यूल बैंक खाते की जांच में अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि इंदौर निवासी अंशु ने मात्र 10 हजार रुपये के लालच में अपना बैंक खाता रतलाम निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा (28 वर्ष) को संचालन के लिए सौंप दिया था।

मुख्य आरोपी इसी प्रकार अन्य व्यक्तियों को भी 10 हजार रुपये का लालच देकर उनके बैंक खाते प्राप्त करता था और उनका उपयोग साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त राशि के लेन-देन में करता था। उक्त बैंक खाते के विरुद्ध तमिलनाडु के कल्लाकुरिची एवं तेलंगाना के मलकाजगिरी साइबर क्राइम पुलिस थानों में भी धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज होना सामने आया। मामले में खाताधारक एवं वास्तविक संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, थाना लसूड़िया पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में दूसरे व्यक्ति के नाम पर संचालित बैंक खाते का ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर उपयोग किए जाने का मामला उजागर किया। पुलिस ने मंदसौर निवासी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बैंक ऑफ इंडिया के करंट अकाउंट की चेकबुक एवं एटीएम कार्ड जब्त किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर था, जिसका संचालन आरोपी स्वयं कर रहा था तथा इसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जा रहा था।
इस मामले में भी थाना लसूड़िया में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर बैंक खाते के संचालन, ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म से उसके संबंध तथा वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा म्यूल बैंक खातों से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
